HomeUttarakhandAlmoraअल्मोड़ा बिग ब्रेकिंग : डबल मर्डर, फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे,...

अल्मोड़ा बिग ब्रेकिंग : डबल मर्डर, फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, रिमांड में लिया

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा

ADVERTISEMENTSAd Ad

गत वर्ष यहां अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड धौलादीवी के भनोली तहसील के अंतर्गत आरतोला के पटोरिया फार्म के पास अल्टो कार में आग लगाकर दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस डबल मर्डर केस में यह पांचवी गिरफ्तारी है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।

उल्लेखनीय है कि गत 29 अक्टूबर, 2021 को कार संख्या यूके 04 एन 4113 जली हुई हालत में पटोरिया फार्म के पास मिली थी। जिसमें शैल पतालदेवी अल्मोड़ा निवासी सिब्बन सिंह उर्फ पप्पू (48) का शव मिला था। कार सुबह चार बजे खाई में मिली थी। तब राजस्व पुलिस को स्थानीय लोगों ने जली हुई कार के बारे में सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस की टीम ने कार की तलाशी ली तो इसमें पूरी तरह से जला हुआ एक शव बरामद हुआ। इसके साथ ही 100 मीटर की दूरी पर गधेरे में एक अन्य व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दिया। राजस्व पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गधेरे से घायल को निकाला। उसकी सांसें चल रहीं थीं। उसे 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया था। बाद में उस युवक की भी हल्द्वानी में मौत हो गई थी। दूसरे मृतक की पहचान राजेश नाथ पुत्र पूरन नाथ निवासी स्याही देवी के रूप में हुई थी।

तब पूछताछ में पता चला था कि मृतक सिब्बन सिंह कई रोज से लापता था। मृतक के साले कुलदीप ने उसकी शिनाख्त की थी। परिजनों ने बताया कि सिब्बन अपने दोस्तों के साथ जागेश्वर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन अचानक उसका फोन बंद आने लगा था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया था। इसके बाद इस डबल मर्डर के मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी की गई। हत्या के मामले में नरेंद्र निवासी दियारी, जगदीश सिंह (जितेंद्र) निवासी खसपड़, कमलेश नेगी निवासी मल्ला धोनी, कमल राणा निवासी पनुवानौला को गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य से छेड़छाड़ करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

आरोपियों ने पूछताछ में जो राज उगला उसके अनुसार गत दिनों वह लोग केदारनाथ गए थे। रुद्रप्रयाग में उनका वाहन खराब हो गया और वह लोग किसी तरह अल्मोड़ा तक वाहन ले लाये। यहां पर उन्होंने एक मैकेनिक के यहां अपनी खराब गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद परिचित ड्राइवर शैल निवासी सिब्बन सिंह उर्फ पप्पू की गाड़ी को बुकिंग में आरतोला ले गए। यहां पर वह कन्नू के गेस्ट हाउस में रुके। बताया जा रहा है कि यहां पर सभी लोगों ने शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान मामूली सी बात में इनका झगड़ा हो गया। जिसके बाद आरोपियों ने कमरे में दोनों की पिटाई की। इसके बाद वह करीब 03 किमी दूर घटना स्थल पर ले गए। इस दौरान सिब्बन की मौत हो गई थी। अब इस पूरे घटनाक्रम को हादसा दिखाने के लिए गाड़ी को सड़क से नीचे धकेल दिया, लेकिन कार पेड़ में अटक गई। इसके बाद आरोपियों ने पेट्रोल डाल गाड़ी जला दी। इसके बाद सभी आरोपी गेस्ट हाउस में आ गए। सुबह थिकलना के जंगल मे भाग गए। बताया जा रहा है कि मरने वाले दोनों युवकों में आपस में अच्छी दोस्ती थी। मृतक सिब्बन सिंह उर्फ पप्पू और राजेश नाथ इस वाहन में जब बुकिंग ले रहे थे तो उन्होंने इसकी जानकारी अपने घर में भी दी थी। बताया जा रहा है कि आरोपियों की हरकतें सीसीटीवी में भी कैद हुई थीं, जहां यह लोग आरतोला में एक बाइक से पेट्रोल निकालते हुए भी दिखाई दे रहे थे। इधर आज इस मामले में फरार चल रहे पांचवे आरोपी केदार सिंह उम्र 32 साल निवासी आरतोला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीओ अल्मोड़ा राजेंद्र सिंह रौतेला ने बताया कि आरोपी अब पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है तथा उसे पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments