सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: मौसम के तीखे तेवर अभी बरकरार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने मौसम के पूर्वानुमान में अल्मोड़ा जनपद में कल यानी 3 सितंबर को भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। जिससे आपदा आने या कोई अप्रिय घटना की आशंकाएं बनी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सुरक्षा के दृष्टिगत शिक्षण संस्थानों में 3 सितंबर, 2026 को अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर 3 सितंबर को पहली से बारहवीं कक्षा तक के सभी शासकीय, अशासकीय व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा, जिले में स्थित महाविद्यालयों, आईटीआई व पॉलिटेक्निक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक 24 घंटे सक्रिय रहें।





