बेतालघाट : गैंगस्टर नीरज बवाना का कथित शार्गिद चढ़ा पुलिस के हत्थे

0
बेतालघाट : गैंगस्टर नीरज बवाना का कथित शार्गिद चढ़ा पुलिस के हत्थे
बेतालघाट : गैंगस्टर नीरज बवाना का कथित शार्गिद चढ़ा पुलिस के हत्थे

📌 गांव वालों को धमका रहा था दिल्ली रिटर्न युवक

👉 SSP NAINITAL के आदेश पर तत्काल हुई गिरफ्तारी

सीएनई रिपोर्टर, बेतालघाट/नैनीताल। दिल्ली में नौकरी से निकाले जाने के बाद नशे का लती युवक पहाड़ में अपने गांव को लौट आया। यहां उसे जब कमाई का कोई दूसरा जरिया नहीं मिला तो खुद को कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना का चेला बता सीधे—साधे गांव वालों को धमकाने लगा। जिससे उसकी गांव में काफी दहशत हो गई। ऐसी हरकत करने वाले युवक को बेतालघाट पुलिस ने सबक सिखाते हुए एक अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।


ADVERTISEMENTS

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीश अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए एक युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है, जो खुद को गैंगस्टर नीरज बवाना का चेला बताकर गांव में दहशत फैला रहा था।

युवक ने गांव में फैलाई थी दहशत

विगत दो दिनों से बेतालघाट पुलिस को सूचना मिल रही थी कि ग्राम धनियाकोट में दिल्ली से लौटकर आया एक युवक गांव वालों को धमकाने के लिए गैंगस्टर नीरज बवाना का चेला बताकर धमका रहा था। इसके अलावा वह नशे की हालत में भी अपने पड़ोसियों से झगड़ा और उन्हें गैंगस्टर का चेला बता कर धमकी दे रहा था। युवक के डर के कारण कोई भी पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था।

एसएसपी के संज्ञान में आया मामला, हुई कार्रवाई

मामला SSP NAINITAL के संज्ञान में आने पर गाँव वालों की सुरक्षा के दृष्टिगत त्वरित कार्यवाही एवम गिरफ्तारी हेतु थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीश अहमद को निर्देशित किया गया। जिसके बाद गत दिवस घिरोली पुल के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को 01 अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया।

इसने तो बस सुन रखा था नीरज बवाना का नाम, सोचा सिक्का भुना लूं

पूछताछ पर गिरफ्तार युवक दीपक सिंह जलाल ने बताया कि वह दिल्ली में खाना बनाने का काम करता था। नशे की लत के कारण उसे नौकरी से निकल दिया गया। वहां उसने गैंगस्टर नीरज बवाना का नाम सुना था। उसने अपने गांव लौटकर गैंगस्टर के नाम से दहशत फैलाने और लोगों से वसूली करने एवं छोटी मोटी चोरियां करने की योजना बनाई। इसके लिए उसने अवैध तमंचा रखा और गांव में खुद को गैंगस्टर का चेला बताने लगा। पुलिस ने सारे प्लान फेल कर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी दीपक सिंह जलाल 29 वर्ष पुत्र पूरन सिंह जलाल ग्राम धनियाकोट, तल्लाकोट, थाना बेतालघाट जनपद नैनीताल का रहने वाला है। इसके पास से 01 अवैध देशी तमंचा (315 बोर) का बरामद हुआ है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीश अहमद, एसआई हरि राम, हेड कांस्टेबल नवीन पाण्डेय, कांस्टेबल दीपक सिंह आदि मौजूद थे।

अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जायेगा : एसएसपी

एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने सभी संबंधित प्रभारियों को निर्देशित किया है कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही के लिए सतर्कता बरतें। ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा जो समाज में भय और अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं।

ADVERTISEMENTS