Uttarakhand Breaking : डेनमार्क में छा गये उत्तराखंड के शटलर ! अंश नेगी व मनसा रावत के शानदार प्रदर्शन पर खेल प्रेमी गदगद, एकल में जीता स्वर्ण

0
  • विक्टर डेनमार्क जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट 2021
  • बंगलोर में अनुपमा ने इन्फोसिस इंटरनेशनल टूर्नामेंट में जीता महिला एकल का खिताब

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा


ADVERTISEMENTS

21 से 24 अक्तूबर तक ओडेनसे, डेनमार्क में आयोजित विक्टर डेनमार्क जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट में अल्मोड़ा की मनसा रावत व देहरादून के अंश नेगी ने भारत का प्रतिनिधत्व करते हुए एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है।

उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि
अंडर 15 बालकों के एकल वर्ग के फाइनल में अंश नेगी ने स्पेन के येदेल गिल को आसानी से सीधे सेटों में 21-6 व 21-12 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। सेमी फाइनल में अंश नेगी ने डेनमार्क के ही सक्सो नार्मन अन्देर्सन को भी सीधे सेटों 21-13 व 21-8 से हराया था।

अंडर 15 बालिकाओं के एकल में मनसा रावत ने डेनमार्क की मैरी विस्कोरीच को सीधे सेटों में 21-8 व 22-20 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। सेमी फाइनल में मनसा रावत ने डेनमार्क के ही खिलाड़ी निकोलिने टंग को सीधे सेटों में 21-14 व 21-8 से हराया था।

अंडर 15 मिश्रित युगल में अंश व मनसा की जोड़ी का सफ़र कवार्टर फाइनल में थम गया था। पिछले हफ्ते ही अंश नेगी व मनसा रावत ने जर्मन जूनियर इंटरनेशनल में भी 2-2 स्वर्ण पदक जीते थे।

इधर कोच डीके सेन की एक और शिष्या अनुपमा उपाध्याय जो पहले अल्मोड़ा, उत्तराखंड से खेलती थी और हाल में हरियाणा से खेलती है, ने भी बंगलोर में आयोजित प्रतिष्ठित इन्फोसिस इंटरनेशनल टूर्नामेंट का महिला एकल खिताब जीता है। अनुपमा ने काफी जूनियर राष्ट्रीय पदक, अल्मोड़ा में रहते हुए डीके सेन के निर्देशन में जीते थे। अनुपमा का मूल निवास अल्मोड़ा ही है।

इधर अंश नेगी, मनसा रावत व अनुपमा उपाध्याय के शानदार प्रदर्शन पर उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक समेत समस्त उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार व खेल प्रेमिओं ने खिलाड़ियों व उनके माता—पिता व कोच डीके सेन को शुभकामनाएं दी है।

ADVERTISEMENTS