किच्छा। नगर क्षेत्र की बदहाल सड़कों व निर्माणाधीन फ्लाई ओवर का निर्माण जल्द किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने गल्फार कंपनी , जिला प्रशासन तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ सांकेतिक धरना देते हुए रोष जताया । कांग्रेसी नेता सुरेश पपनेजा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलभट्टा थाना अंतर्गत निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के समीप सांकेतिक धरना दिया । इस दौरान कांग्रेसी नेता पपनेजा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को देख कर भी आंख मूंदे हुए हैं और सरकार को आम जनमानस की कोई चिंता नहीं है । उनका आरोप था कि पिछले 3 वर्षों से गल्फार कंपनी द्वारा पुलभट्टा के समीप ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है जो कि अभी तक पूरा नहीं हो पाया है , साथ ही आदित्य चौक के निकट क्षतिग्रस्त सड़क तथा लिंक मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को भारी समस्या से जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उत्तराखंड की सीमा पर मार्ग की इस दशा के चलते प्रदेश में आने वाले पर्यटक को भी इस समस्या से रूबरू होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई बार ज्ञापन तथा प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन को नींद से जगाने का प्रयास किया गया है परंतु प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा इस ओर कोई कार्यवाही ना किए जाने से ग्रामीणों तथा जनता में भारी रोष व्याप्त है । उन्होंने जनहित में क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण तथा निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निर्माण जल्द कराए जाने की मांग की। कांग्रेसियों द्वारा धरना दिए जाने की सूचना पर पुल भट्टा थाना प्रभारी विनोद जोशी मौके पर पहुंचे और लॉक डाउन का हवाला देते हुए नियमानुसार अपनी बात रखने की कांग्रेसियों से बात कही । इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू तिवारी , कांग्रेस नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा आदि मौजूद थे।
किच्छा ब्रेकिंग : गल्फार कंपनी के खिलाफ फ्लाई ओवर के पास कांग्रेसियों ने दिया धरना
ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS








