अल्मोड़ा पुलिस का तोहफा: दीवाली पर कई लोगों की खुशी दोगुनी

0
09.45 लाख के फोन ढूंढ निकाले, एसएसपी घोड़के ने स्वामियों को सौंपे
09.45 लाख के फोन ढूंढ निकाले, एसएसपी घोड़के ने स्वामियों को सौंपे

╰┈➤ खो चुके 09.45 लाख के फोन ढूंढ निकाले, एसएसपी घोड़के ने स्वामियों को सौंपे


ADVERTISEMENTS

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: दीपावली के मौके पर अल्मोड़ा ने कई उन लोगों के चेहरों पर खु​शी ला दी, जो अपना पसंदीदा और महंगे मोबाइल फोन खो चुके थे। पुलिस ने सक्रियता और लगातार प्रयासों से ये फोन ढूंढ निकाले और आज धनतेरस के दिन उन लोगों को पुलिस कार्यालय बुलाकर उनके खोए मोबाइल फोन सौंपे। पुलिस ने करीब 09.45 लाख कीमत के 63 फोन सेट लोगों को सौंपे। जिससे खुश होकर मोबाइल फोन स्वामियों ने अल्मोड़ा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

दरअसल, हाल के महीनों में कई लोग अपना महंगा मोबाइल फोन खो चुके थे, जिससे अपना पसंदीदा एवं महंगा फोन खोने से उनके मन में निराशा और मलाल था। यही नहीं फोन खोने से उन्हें आर्थिक नुकसान भी हुआ। कई लोगों को पुलिस से उम्मीद थी, तो कई लोग नाउम्मीद भी थे, मगर एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के कुशल निर्देशन में अल्मोड़ा पुलिस के साइबर सेल व एसओजी टीम ने सराहनीय कार्यवाही की। इसके लिए अथक प्रयास किए और पुलिस ने 09.45 लाख रूपये कीमत के गुम हुए 63 मोबाइल फोन बरामद कर लिये। ऐसा नहीं कि ये फोन पुलिस को उत्तराखंड के ही विभिन्न जनपदों से बरामद किए गए, बल्कि कई फोन दिल्ली, पंजाब, बिहार, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के नोएडा, मुरादाबाद व बरेली तक पहुंच गए। पुलिस ने इन्हें इन्हीं राज्यों से बरामद कर लिया।
दीपावली पर मोबाइल स्वामियों को मिली खुशी

शुक्रवार को धनतेरस के दिन संबंधित फोन स्वामियों को पुलिस कार्यालय बुलाया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने इन बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं। अपने खोये मोबाइल वापस पाकर सभी मोबाइल स्वामियों के चेहरे में खुशियां झलकी। उन्होंने कहा कि मोबाइल खोने पर वापस मिलने की उम्मीद खो चुके थे, लेकिन अल्मोड़ा पुलिस पर विश्वास कायम था। पुलिस ने हमारे खोये फोन बरामद कर पुलिस के प्रति हमारे विश्वास को और अधिक बढ़ाया हैं। सभी ने अल्मोड़ा पुलिस के साईबर सेल व एसओजी टीम का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पुलिस ने लोगों से अपील भी की कि मोबाइल खोने पर तत्काल संचार साथी पोर्टल पर आम जनमानस भी स्वयं शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचित करें, जिससे आपके मोबाइल को रिकवर करने हेतु तत्काल कार्यवाही की जा सके।

ADVERTISEMENTS