बेकाबू कार ने बाइक सवार को पहले हवा में उछाला, फिर दोनों टायरों से कुचला

0
बेकाबू कार ने बाइक सवार को पहले हवा में उछाला, फिर दोनों टायरों से कुचला
बेकाबू कार ने बाइक सवार को पहले हवा में उछाला, फिर दोनों टायरों से कुचला

CCTV में कैद हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना

सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। हल्द्वानी के निकट लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने पीछे से बाइक सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 20 मीटर तक हवा में उछलने के बाद सड़क पर जा गिरा। इसके बाद जो हुआ, उसने हादसे की भयावहता को और बढ़ा दिया। सड़क पर गिरे बाइक सवार के ऊपर से कार के दोनों टायर गुजर गए। पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोग स्तब्ध हैं।


ADVERTISEMENTS

हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की पहचान 38 वर्षीय राजीव कश्यप के रूप में हुई है। वह रुद्रपुर स्थित डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं।

जानकारी के अनुसार, राजीव कश्यप सोमवार शाम अपनी मोटरसाइकिल से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में जैन ट्रांसपोर्ट के सामने पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजीव उछलकर करीब 20 मीटर दूर हाईवे पर जा गिरे।

ब्रेक की जगह दब गया एक्सीलेटर, ऊपर से गुजर गए दोनों टायर

हादसे के बाद कार चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान घबराहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया। नतीजतन कार आगे बढ़ गई और सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े राजीव कश्यप के ऊपर से उसके दोनों टायर गुजर गए। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने हादसे को और भी गंभीर बना दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार नहीं हुआ। उसने स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजीव कश्यप को तत्काल नजदीकी निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सिर में गंभीर चोट, ICU में चल रहा उपचार

बताया जा रहा है कि हादसे में राजीव के सिर में गंभीर चोट आई है और काफी खून बह गया। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

इस पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक सवार को कार की टक्कर लगने और उसके बाद सड़क पर गिरने का घटनाक्रम कैद बताया जा रहा है। फुटेज ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय घबराहट में की गई छोटी-सी गलती के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

ADVERTISEMENTS