CNE REPORTER, अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में हरणा-शीतला मार्ग पर रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम हरड़ा, पोस्ट बेड़गांव के पास एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 55 वर्षीय आनंद राम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की खैरना और सरियापानी पोस्ट की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे आल्टो कार संख्या UK04TB2441 में तीन लोग सवार थे। जिला नियंत्रण कक्ष से दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट खैरना की टीम मुख्य आरक्षी पंकज खरोला तथा पोस्ट सरियापानी की टीम उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान किशोर कुमार और कैलाश राम को खाई से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दुर्घटना में आनंद राम (55), पुत्र डूंगर राम, की मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुयालबाड़ी लाए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों के चलते उन्हें रेफर किए जाने की सूचना है।
सीएचसी सुयालबाड़ी में हुआ पंचायतनामा
मृतक आनंद राम का पंचायतनामा चौकी इंचार्ज खैरना सतीश उपाध्याय द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में किया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल टम्टा सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।










