HomeUttarakhandAlmoraकर्नाटक खोला-रेलापाली लिंक मार्ग से क्षतिग्रस्त भवनों को मिलेगा मुआवजा

कर्नाटक खोला-रेलापाली लिंक मार्ग से क्षतिग्रस्त भवनों को मिलेगा मुआवजा

नौलों व रास्तों का भी होगा सुधारीकरण

पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने उठाया प्रभावितों का मुद्दा

डीएम अंशुल सिंह के निर्देश पर मौके पर पहुंची लोनिवि की टीम

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के कर्नाटक खोला-रेलापाली लिंक मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान हुई सड़क कटिंग से प्रभावित दो भवनों, नौलों, रास्तों एवं अन्य स्थानों की समस्याओं का प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभावित भवन स्वामियों और स्थानीय नागरिकों की शिकायत को पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह के समक्ष प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए।

कैंचीधाम की भीड़ ने किया बेहाल!
दिन भर सरकते रहे वाहन
▶ पूरी खबर YouTube पर देखें
ADVERTISEMENTS

जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता विभागीय अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। लोनिवि की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण के दौरान हुई कटिंग से प्रभावित भवनों, रास्तों, नौलों तथा आसपास के अन्य स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

दो भवनों के नुकसान का होगा आकलन

स्थलीय निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण कार्य से प्रभावित दो भवनों को हुए नुकसान का जायजा लिया गया। अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता ने प्रभावित भवन स्वामियों को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य के कारण हुए नुकसान का नियमानुसार आकलन कराया जाएगा। आकलन के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रभावित भवनों के संबंध में आवश्यक परीक्षण एवं विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे प्रभावित परिवारों को सड़क निर्माण के दौरान हुए नुकसान के संबंध में राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

नौलों और रास्तों के सुधारीकरण का भरोसा

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क कटिंग के कारण क्षतिग्रस्त हुए नौलों, रास्तों तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग के स्थानों की समस्या भी अधिकारियों के समक्ष रखी। लोगों का कहना था कि सड़क निर्माण के चलते इन स्थानों पर आवागमन और दैनिक उपयोग में परेशानी उत्पन्न हो रही है।

इस पर लोनिवि अधिकारियों ने संबंधित स्थानों का निरीक्षण करते हुए नियमानुसार आवश्यक सुधारीकरण कार्य कराने का भरोसा दिया। विभाग की ओर से कहा गया कि प्रभावित सार्वजनिक स्थलों की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को दूर किया जा सके।

सड़क कटिंग से फैली मिट्टी का भी होगा निस्तारण

स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के दौरान निकली मिट्टी के इधर-उधर फैले होने की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। लोगों के अनुसार कई स्थानों पर मिट्टी के ढेर होने से आवागमन में दिक्कत के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी परेशानी उत्पन्न हो रही है।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण से निकली और बेतरतीब ढंग से फैली मिट्टी के निस्तारण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे प्रभावित क्षेत्र में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पार्षद की पहल के बाद प्रशासन ने लिया तत्काल संज्ञान

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क निर्माण से उत्पन्न समस्याओं को लेकर उन्होंने पार्षद अमित साह ‘मोनू’ को अवगत कराया था। पार्षद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह से वार्ता की और प्रभावित परिवारों तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। इसके बाद लोनिवि की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन की त्वरित पहल से उन्हें उम्मीद जगी है कि सड़क निर्माण से उत्पन्न समस्याओं का जल्द समाधान होगा। लोगों ने पार्षद अमित साह ‘मोनू’ की पहल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह के त्वरित संज्ञान तथा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने के लिए लोनिवि के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता का आभार जताया।

स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद व्यक्त की कि प्रभावित दोनों भवनों के नुकसान का नियमानुसार शीघ्र आकलन कर मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त नौलों और रास्तों का सुधारीकरण तथा सड़क निर्माण से निकली मिट्टी का निस्तारण भी जल्द कराया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments