HomeUttarakhandPithoragarhनशे के खिलाफ साइकिलिंग से जागरूकता का संदेश, दारमा घाटी की ओर...

नशे के खिलाफ साइकिलिंग से जागरूकता का संदेश, दारमा घाटी की ओर रवाना हुए पवन और शुभम्

सीएमओ और सीईओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

364 किमी की यात्रा में देंगे ‘नशे से दूर, जीवन संवारें’ और आपदा जागरूकता का संदेश

सीएनई रिपोर्टर, पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और आपदा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साहसिक खेलों के क्षेत्र में सक्रिय संस्था इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आईस) तथा माउंटेन न्यूता ने अनूठी पहल की है। प्रसिद्ध पर्वतारोही स्वर्गीय पुरमल सिंह धर्मशत्तू की स्मृति में संस्था के दो युवा प्रशिक्षक पवन और शुभम् साइकिल से दारमा घाटी के सीपू गांव के लिए रवाना हुए।

ADVERTISEMENTS

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जेएस चुफाल और मुख्य शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौंगाई ने हरी झंडी दिखाकर दोनों युवाओं को रवाना किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियानों को व्यापक स्तर पर संचालित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के साथ-साथ आपदा प्रबंधन के प्रति स्थानीय समुदायों को जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। उन्होंने आईस और माउंटेन न्यूता की इस पहल की सराहना करते हुए हरसंभव विभागीय सहयोग का आश्वासन दिया।

1625 से 3500 मीटर की ऊंचाई तक 364 किमी का सफर

आईस संस्था के अध्यक्ष विश्वदेव पांडेय ‘वासू’ और माउंटेन न्यूता के अध्यक्ष अनुपम बेरी ने बताया कि यह साइकिल यात्रा पिथौरागढ़ से शुरू होकर दारमा घाटी के सीपू गांव तक पहुंचेगी। लगभग 364 किलोमीटर की इस यात्रा में दोनों युवा 1625 मीटर की ऊंचाई से करीब 3500 मीटर तक का सफर तय करेंगे। यात्रा को पूरा करने में छह रात और सात दिन लगेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से दो प्रमुख संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है—‘नशे से रहें दूर, जीवन संवारें भरपूर’ तथा ‘आपदा से आगे, उम्मीद की सवारी।’ अभियान के दौरान युवाओं और स्थानीय लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के साथ ही आपदा के समय सतर्कता, तैयारी और सामुदायिक सहयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा।

11 वर्षीय ओजस ने किया युवाओं का स्वागत

रवाना होने से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में 11 वर्षीय एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स होल्डर ओजस पांडेय ने पवन और शुभम् का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार महेश चंद्र पुनेठा, क्लीन एंड ग्रीन परिवार के मानद लेफ्टिनेंट यशपाल चंद, बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि आलोक चौधरी, नव चेतना मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश पुनेड़ा, जितेंद्र धामी, शाहिद, हिमांशी, पल्लवी, प्रवीण राणा और खगेन्द्र बिष्ट सहित अनेक लोग मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों को स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मानित भी किया गया।

साहसिक खेलों के साथ पर्यावरण और आपदा प्रबंधन पर भी काम

उल्लेखनीय है कि आईस संस्था सीमित संसाधनों के बावजूद पिथौरागढ़ जनपद में साहसिक खेलों, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार गतिविधियां संचालित करती रही है। संस्था की ओर से प्रतिवर्ष उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान भी चलाए जाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के सचिव जगदीश कलौनी ने किया।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments