╰┈➤ कनौली में श्रीमद् देवी भागवत कथा का पारायण, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां लिंक रोड के करीब स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर में पिछले 10 दिनों से आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा का आज भव्य भंडारे के साथ पारायण हो गया है। श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर समिति, कनौली अल्मोड़ा के तत्वावधान में आयोजित यह कथा यज्ञ का आगाज बीते 14 सितंबर से हुआ था। जिससे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर पुण्य कमाया।
इस कथा के दौरान मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा अनुष्ठान हुए। कथा व्यास पंडित मनोज कृष्ण जोशी ने श्रीमद् देवी भागवत कथा के विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों का सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन किया। साथ ही भक्ति, धर्म, संस्कार एवं सदाचार एवं नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान प्रतिदिन मंदिर में भजन व कीर्तनों की धूम रही। जिससे आयोजन पर चार चांद लगे। आयोजन में मुख्य यजमान बसंत बल्लभ तिवारी रहे। आज बुधवार को अंतिम रोज मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और उन्होंने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष किशन चंद्र तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।









