श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष इंतजाम
डोला विसर्जन और झांकी के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
वैकल्पिक मार्गों से संचालित होगा यातायात; साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और डायल-112 को लेकर भी किया गया जागरूक
सीएनई रिपोर्टर, भवाली। मां नन्दा देवी महोत्सव के अंतर्गत 23 सितंबर 2026 को होने वाले डोला विसर्जन एवं झांकी कार्यक्रम को देखते हुए भवाली में श्रद्धालुओं और आमजन की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। कार्यक्रम के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने तथा मुख्य बाजार क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विस्तृत यातायात डायवर्जन योजना लागू की है। इसके साथ ही मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम और आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
यातायात व्यवस्था के तहत रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से आने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें मैदानी जनपदों अथवा नैनीताल की ओर जाना है, उन्हें यातायात की स्थिति के अनुसार श्यामखेत से डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे वाहन घोड़ाखाल मंदिर, घोड़ाखाल तिराहा और नैनी बैंड प्रथम होते हुए अपने निर्धारित गंतव्य की ओर जाएंगे।
इस दौरान भवाली बाजार में अनावश्यक वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा। भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए भारी एवं यात्री वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जा सकता है।
खैरना और कैंची धाम से आने वाले वाहनों का मार्ग बदलेगा
खैरना और कैंची की ओर से भवाली पहुंचने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें मैदानी क्षेत्रों अथवा नैनीताल की ओर जाना है, उन्हें शिप्रा पुल भवाली से डायवर्ट कर सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग से आगे भेजा जाएगा। वहीं मुक्तेश्वर और भीमताल की ओर जाने वाले वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय और नैनी बैंड प्रथम से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर संचालित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान भवाली मुख्य बाजार क्षेत्र में भारी एवं यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल स्थानीय एवं अधिकृत वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित तरीके से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
नैनीताल-ज्योलीकोट से आने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन
ज्योलीकोट और नैनीताल की ओर से आने वाले जिन वाहनों को अल्मोड़ा अथवा रानीखेत की ओर जाना है, उन्हें नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग की ओर डायवर्ट कर शिप्रा पुल भवाली की दिशा में भेजा जाएगा। इसके बाद निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से उन्हें गंतव्य तक रवाना किया जाएगा।
मुक्तेश्वर एवं भीमताल की ओर जाने वाले वाहनों को भी यातायात की स्थिति एवं मार्ग की उपलब्धता के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय-नैनी बैंड प्रथम मार्ग से संचालित किया जाएगा। इस अवधि में भवाली बाजार में भारी एवं यात्री वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
भीमताल से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा
भीमताल की ओर से आने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें अल्मोड़ा, रानीखेत अथवा कैंची धाम की ओर जाना है, उन्हें नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद निर्धारित डायवर्जन मार्ग से वाहनों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महोत्सव के दौरान भवाली बाजार क्षेत्र में भारी एवं यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान जाम एवं अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
आपातकालीन सेवाओं के लिए रहेगा निर्बाध कॉरिडोर
यातायात डायवर्जन के बावजूद आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन, आपदा राहत एवं बचाव दल तथा आवश्यक खाद्य सामग्री, दूध एवं अन्य अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए सुरक्षित और निर्बाध कॉरिडोर उपलब्ध कराया जाएगा।
आपात स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस एवं यातायात कर्मी आपसी समन्वय से ऐसे वाहनों को तत्काल सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराएंगे।
निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील
श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुविधा के लिए पुलिस ने वाहन स्वामियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है। वाहनों को नगरपालिका मैदान भवाली और रोडवेज पार्किंग भवाली में पार्क किया जा सकेगा। मुख्य बाजार तथा आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में यातायात को चरणबद्ध तरीके से रोका अथवा डायवर्ट किया जा सकता है। पैदल श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार सुरक्षित पैदल मार्ग भी सुनिश्चित किया जाएगा।
साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता
महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को केवल यातायात तक सीमित न रखते हुए नैनीताल पुलिस ने जनजागरूकता का विशेष अभियान भी चलाया। मेला परिसर में पुलिस की ओर से जागरूकता स्टॉल लगाया गया, जहां श्रद्धालुओं एवं आमजन को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम तथा डायल-112 आपातकालीन सेवा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने, संदिग्ध फोन कॉल, संदेश एवं ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के बारे में जानकारी दी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित पुलिस सेवाओं और उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि मेले में आने वाले अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आपातकालीन पुलिस सेवाओं से संबंधित जानकारी पहुंच सके।
प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेगा पुलिस एवं यातायात बल
नैनीताल पुलिस ने बताया कि डायवर्जन प्वाइंटों, प्रमुख तिराहों-चौराहों, आयोजन स्थल, पार्किंग क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस एवं यातायात बल तैनात किया गया है। तैनात पुलिसकर्मी यातायात संचालन, वाहनों के डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक मार्गदर्शन देने का कार्य करेंगे।
वाहन स्वामियों एवं चालकों से निर्धारित डायवर्जन योजना का अनिवार्य रूप से पालन करने, पुलिस एवं यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से भवाली बाजार क्षेत्र में वाहन लेकर प्रवेश न करने की अपील की गई है।
23 सितंबर को यातायात व्यवस्था रहेगी प्रभावी
नैनीताल पुलिस के अनुसार यह यातायात डायवर्जन व्यवस्था 23 सितंबर 2026 को कार्यक्रम एवं भीड़ की वास्तविक स्थिति के अनुरूप प्रभावी रहेगी। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए प्रभारी अधिकारी को आवश्यकता के अनुसार व्यवस्था में आंशिक संशोधन करने अथवा अतिरिक्त डायवर्जन लागू करने का अधिकार रहेगा।
पुलिस का उद्देश्य महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है, ताकि डोला विसर्जन एवं झांकी का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।









