╰┈➤ भव्य सांस्कृतिक जुलूस ने साबित की नगर की सांस्कृतिक पहचान
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा मंगलवार को मनोहारी सांस्कृतिक रंग में रंगी। नगर में भव्य सांस्कृतिक जुलूस निकला और इसी के साथ ऐतिहासिक मां नंदादेवी के मेले का आगाज हो गया है। तमाम स्कूलों के बच्चों ने विविध झांकियों के साथ पूरे नगर में सांस्कृतिक बयार बहायी और रंगारंग प्रस्तुतियां देकर नगर की सांस्कृतिक पहचान को साबित कर डाला। इस आयोजन के दौरान मां नंदा के जयकारे लगते रहे। दर्शकों ने मुक्त कंठ के बच्चों के प्रयासों व प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।
जीवंत को उठी लोक संस्कृति








विभिन्न विद्यालयों के बच्चे सांस्कृतिक परिधानों में सज-धज कर अपनी-अपनी झांकियों के साथ जीजीआईसी के समीप ड्योढ़ीपोखर पर एकत्रित हुए, जहां से विधायक मनोज तिवारी, राज्यमंत्री गोविंद पिल्खवाल व नगर निगम के मेयर अजय वर्मा आदि ने रिबन काटकर सांस्कृतिक जुलूस का शुभारंभ किया। इसके बाद शोभायात्रा माल रोड, पल्टन बाजार व मुख्य बाजार होते हुए नंदादेवी मंदिर पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी झांकी और प्रस्तुति से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक जुलूस में मां नंदा की झांकियों के साथ ही धार्मिक एवं लोक परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली। चटक धूप के बावजूद बच्चों की टोलियां मां नंदा की जयकारे लगाते रही और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए आगे बढ़ी। लोगों ने सड़कों के दोनों ओर खड़े होकर और घरों की छतों से इस सांस्कृतिक नजारे को निहारा और बच्चों के शानदार प्रदर्शन की खुलकर प्रशंसा की। शोभायात्रा के दौरान मां नंदा की झांकी पर लोगों ने पुष्प व अक्षत चढ़ाकर अटूट आस्था को साबित किया।
शोभायात्रा में जीजीआईसी प्रथम

इसके बाद नंदादेवी मंदिर में बने मंच पर बच्चों ने प्रतियोगिता के तहत अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक की भूमिका में आशीष वर्मा, दीप जोशी व भूपेन्द्र बिष्ट रहे। शोभायात्रा में जीजीआईसी अल्मोड़ा प्रथम, ग्रीन फील्ड द्वितीय एवं जीआईसी अल्मोड़ा तृतीय स्थान पर रहे। उक्त शोभायात्रा में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिल्खवाल, नंदादेवी मेला कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा, मुख्य मेला संयोजक तारा चंद्र जोशी, सचिव मनोज सनवाल, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट चीमा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, राजेंद्र बिष्ट, जगत तिवारी, कैलाश गुरुरानी, समेत तमाम लोग शामिल रहे।
बाजार मार्ग में बड़ी असुविधा

सांस्कृतिक जुलूस में मुख्य पटाल बाजार मार्ग में अव्यवस्था रोड़ा बनी। बाजार में जगह जगह पर इनदिनों टूटे कोटा स्टोन को उखाड़कर पाटने का काम चल रहा है। मगर बाजार में टूटे व उखड़े कोटा स्टोन के जगह जगह पर ढेर और मलबा पड़ा रहा। सांस्कृतिक जुलूस के मद्देनजर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, फलस्वरूप पूरे जुलूस के दौरान नृत्य करते और अपनी झांकी का प्रदर्शन करते इस मार्ग से निकल रहे बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई बच्चों और अन्य लोगों को ठोकरें भी लगी लगते और गिरते बचे। इस अव्यवस्था को सभी कोसते सुने गए।



