╰┈➤ फिजीशियन की खाली कुर्सी के मुद्दे पर आप नेता का पलटवार
╰┈➤ एक सप्ताह में आने वाले फिजीशियन अब तक कहां हैं: भुवन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिला चिकित्सालय में लंबे समय से अस्पताल की रीढ़ कहे जाने वाले फिजिशियन की कुर्सी खाली रहने से मरीज बेहद परेशानी झेल रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक का दावा भी अभी तक हवा हवाई साबित हुआ है। उन्होंने कहा था कि एक सप्ताह में फिजीशियन की तैनाती हो जाएगी, मगर तब से लगभग तीन सप्ताह बीत चुके हैं। इस बात को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता भुवन जोशी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
आप नेता भुवन जोशी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि बीते अगस्त माह में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने बयान दिया था कि एक सप्ताह के भीतर जिला चिकित्सालय में फिजिशियन तैनात हो जाएंगे, लेकिन तब से काफी समय बीतने के बावजूद फिजीशियन की कुर्सी खाली ही है। उन्होंने कहा है कि एक तरफ लंबे समय से जिला चिकित्सालय में फिजीशियन के अभाव में मरीज परेशान हैं, दूसरी तरफ भाजपा के जिम्मेदार नेता का दावा हवा हवाई होना बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं में खुद को प्रभावशाली दिखाने की होड़ चल रही है। यही वजह है कि राजनीति चमकाने के चक्कर में जिला चिकित्सालय में फिजीशियन नहीं होने जैसे गंभीर जनहित के मुद्दे पर अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। जिससे लाभ तो कुछ नहीं मिल रहा है, लेकिन इन बयानों से भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा है कि दावा करने के बाद अब भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि फिजिशियन कहां है और उनकी तैनाती कब होगी। उन्होंने कहा कि यदि सच में भाजपा नेताओं को जनता की चिंता है, तो बयानबाजी छोड़कर जिला चिकित्सालय में तत्काल फिजिशियन की तैनाती कराएं, ताकि मरीजों को जल्द राहत मिल सके।




