दोपहिया वाहन पर चार सवारियां बैठाने वाले चालक के विरुद्ध भी कार्रवाई
ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत धौलछीना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस ने शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते एक चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया, जबकि दोपहिया वाहन पर चार सवारियां बैठाकर चलने वाले चालक के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपदभर में ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश सिंह बोहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के पेटशाल में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया चालक
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने गौरव ढैला निवासी धनियान, थाना धौलछीना, जनपद अल्मोड़ा को मोटरसाइकिल चलाते हुए रोका। जांच के दौरान चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने यातायात नियमों की गंभीर अनदेखी मानते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की तथा मोटरसाइकिल को सीज कर दिया। इसके साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल स्वयं चालक के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
दोपहिया वाहन पर चार सवारियां बैठाना पड़ा भारी
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने का एक अन्य मामला भी पकड़ा। पुलिस के अनुसार विद्यानंद निवासी जैतिया, पश्चिमी चंपारण, बिहार दोपहिया वाहन पर चार सवारियां बैठाकर वाहन चला रहा था। इतना ही नहीं, वाहन चालक के पास हेलमेट भी नहीं था और वाहन के आवश्यक दस्तावेजों में बीमा तथा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं पाया गया।
एक ही दोपहिया वाहन पर चार सवारियां बैठाकर चलना यातायात सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जोखिमपूर्ण है। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ने के साथ दुर्घटना की आशंका काफी बढ़ जाती है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की है।
पुलिस द्वारा संबंधित चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। साथ ही बिना हेलमेट, बिना बीमा और बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के वाहन संचालन को लेकर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
धौलछीना पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि शराब का सेवन कर वाहन चलाने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालित करने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम द्वारा विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग और अन्य खतरनाक यातायात उल्लंघनों पर निगरानी रखी जा रही है।




