╰┈➤ लाल किले में आयोजित हो रहे स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए मिला आमंत्रण
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की 10वीं कक्षा की छात्रा प्रेरणा जोशी 15 अगस्त 2026 यानी कल लाल किले में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेंगी। जहां उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रेरणा, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद जोशी की सुपुत्री हैं।
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में माई गवर्नमेंट प्लेटफॉर्म की ओर से रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रेरणा ने हिस्सा लिया था और अपने वर्ग में प्रेरणा ने देशभर में 8वां स्थान प्राप्त किया था, जबकि पूरे देश से 9,300 से अधिक प्रविष्ठियां हुईं थीं। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रेरणा को स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया गया है, जहां उन्हें प्रमाण पत्र/प्रशस्ति पत्र और 5 हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। समारोह में शामिल होने के लिए उन्हें एक सहयोगी के साथ कुल दो ई-आमंत्रण जारी किए गए हैं। कंपेनियन के रूप में उनके साथ उनके पिता प्रमोद जोशी शामिल होंगे। इधर, प्रेरणा जोशी को स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किए जाने परविद्यालय की प्रधानाचार्य मीना राणा, कला शिक्षिका रूमाना नाज, कक्षाध्यापिका मीना बिष्ट सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने शुभकामना देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



