HomeAccidentदर्दनाक: स्कूल जा रहे तीन छात्रों को टैंकर ने रौंदा, एक की...

दर्दनाक: स्कूल जा रहे तीन छात्रों को टैंकर ने रौंदा, एक की मौत, दो गंभीर

तेज रफ्तार और लापरवाही ने छीनी मासूम की जान

गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम; आरोपी चालक की तलाश तेज

सीएनई रिपोर्टर, रुद्रपुर/काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आईटीआई थाना क्षेत्र के बरखेड़ी मार्ग पर स्कूल जा रहे तीन किशोर छात्रों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी।

ADVERTISEMENTS

हादसा इतना भयावह था कि एक छात्र की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।


सुबह स्कूल के लिए निकले थे तीनों छात्र

जानकारी के अनुसार दाभोरा टांडा निवासी मजदूर मनोज सिंह का 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने रिश्ते में चचेरे-तहेरे भाई वासु और अक्षय के साथ पैदल विद्यालय जा रहा था। तीनों छात्र रोज की तरह पढ़ाई के लिए घर से निकले थे, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह सफर इतना दर्दनाक साबित होगा।


पीछे से आया बेकाबू टैंकर, एक छात्र की मौके पर ही मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरखेड़ी मार्ग पर पीछे से तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने अचानक तीनों छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क पर काफी दूर तक हादसे के निशान, जूता और अन्य सामान बिखरा पड़ा था।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।


ग्रामीणों को आते देख चालक फरार

हादसे के बाद जब स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तो टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए घायल वासु और अक्षय को उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।


आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विद्यालय खुलने और बंद होने के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। साथ ही सड़क सुरक्षा के स्थायी और प्रभावी इंतजाम किए जाने की भी मांग उठाई गई।

सूचना मिलने पर आईटीआई थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और यातायात को पुनः सामान्य कराया।


पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

पुलिस ने मृतक शिवम कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फरार चालक की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जा रहा है कि शिवम कुमार अपने पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


सीओ ने कहा— जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

काशीपुर के क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है तथा चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, जिससे हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

सीओ के अनुसार अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
₹120 के मोबाइल कवर पर SDM का कहर? डिलीवरी बॉय को जेल!

₹120 के मोबाइल कवर पर SDM का कहर?

डिलीवरी बॉय को जेल भेजने का VIDEO हुआ वायरल! पूरी कहानी देखें।

▶ Watch on YouTube
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments