केदारनाथ यात्रा पर निकले थे जयपुर के चार छात्र
रामगढ़ पुल के पास नहाने के दौरान हुआ हादसा
SDRF ने चलाया सघन सर्च अभियान
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। नैनीताल जनपद में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम के दर्शन करने आए जयपुर के चार दोस्तों की धार्मिक यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब उनमें से एक युवक रामगढ़ पुल के पास नदी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने युवक के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर (राजस्थान) के झोटवाड़ा क्षेत्र निवासी चार दोस्त अपनी कार से कैंचीधाम दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन करने के बाद उनका अगला पड़ाव केदारनाथ धाम था। इसी बीच वे आसपास के प्राकृतिक स्थलों की सैर के लिए निकल पड़े।

बताया जा रहा है कि रामगढ़ पुल के समीप पहुंचने पर युवकों ने नदी में डुबकी लगाने का निर्णय लिया। इस दौरान प्रिंस बागौरिया (20 वर्ष) पुत्र मनीष बागौरिया, निवासी झोटवाड़ा (जयपुर), अचानक नदी के गहरे हिस्से में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खैरना चौकी प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से युवक के शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
साथियों के सामने बुझ गई दोस्त की जिंदगी
मृतक के साथ यात्रा पर आए उसके तीन दोस्तों में अंश शर्मा (18 वर्ष), नितीश चौधरी (21 वर्ष) तथा करन सिंह शेखावत (20 वर्ष) शामिल हैं। सभी युवक जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र के निवासी हैं और छात्र हैं। अपने सबसे करीबी दोस्त की अचानक हुई मौत से तीनों गहरे सदमे और दहशत में हैं। घटना के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
SDRF ने चलाया सघन सर्च अभियान
इधर SDRF पोस्ट खैरना से मिली जानकारी के अनुसार आपदा कंट्रोल रूम, नैनीताल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रातीघाट के निकट रामगढ़ नदी में एक युवक डूब गया है।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक पुष्कर सिंह जीना के नेतृत्व में SDRF पोस्ट खैरना की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुँचकर टीम द्वारा नदी के संभावित क्षेत्र में गहन एवं व्यवस्थित सर्च अभियान प्रारंभ किया गया। लगातार अथक प्रयासों के उपरांत SDRF टीम ने नदी से एक युवक का शव बरामद किया, जिसकी पहचान प्रिंस वगोरिया, निवासी राजस्थान के रूप में हुई। SDRF टीम द्वारा शव को सावधानीपूर्वक नदी से बाहर निकालकर आवश्यक विधिक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।
धार्मिक यात्रा बदली शोक यात्रा में
चारों दोस्तों ने उत्साह के साथ कैंचीधाम और केदारनाथ यात्रा की योजना बनाई थी, लेकिन एक पल की लापरवाही ने पूरी यात्रा को शोक में बदल दिया। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों की नदियों और जलधाराओं में बिना सुरक्षा व्यवस्था के उतरने के खतरों की याद दिलाता है।


