सचिवालय कर्मी पति समेत 3 पर दहेज हत्या का केस
“सॉरी मम्मी… सॉरी गुड़िया… मैं छह महीने से सब कुछ सह रही हूं… अब और नहीं सहा जाता…” सरकारी स्कूल की शिक्षिका के ये कथित आखिरी शब्द सामने आने के बाद उत्तराखंड में सनसनी फैल गई है। देहरादून में आठ महीने पहले शादी करने वाली शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उत्तराखंड सचिवालय में तैनात निजी सचिव पति, सास और ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। नवंबर 2025 में उनकी शादी देहरादून के लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म, हर्रावाला) निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सौरभ उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है।

मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति सौरभ, सास परवीना देवी और ननद चारू ने दहेज और अन्य बातों को लेकर सृष्टि का मानसिक, शारीरिक और सामाजिक उत्पीड़न शुरू कर दिया था।
ससुर की मौत के बाद ‘मनहूस’ कहकर बनाया निशाना
परिजनों के अनुसार, शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था। आरोप है कि इसके बाद परिवार ने किसी पंडित की बात पर विश्वास करते हुए सृष्टि को “मनहूस” कहना शुरू कर दिया। उससे कहा जाता था कि उसके घर आने के बाद ही परिवार पर संकट आने लगे हैं।
कुछ समय बाद ससुर का निधन हो गया। आरोप है कि इसके लिए भी सृष्टि को जिम्मेदार ठहराया गया और उसके साथ होने वाली प्रताड़ना पहले से कहीं अधिक बढ़ा दी गई।
फोन नहीं उठा तो बढ़ी चिंता, अस्पताल पहुंचने से पहले मिल चुकी थी मौत की खबर
श्रीनगर में रह रही मां सीमा कंडारी का जब बेटी से संपर्क नहीं हो सका तो उन्होंने एक परिचित को सृष्टि के घर भेजा। वहां से सूचना मिली कि उसकी तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।
सूचना मिलते ही परिवार देहरादून पहुंचा, लेकिन तब तक 29 जुलाई को सृष्टि की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई। पूछने पर ससुराल पक्ष ने व्यस्त होने की बात कहकर जवाब दिया।
ससुराल पक्ष का दावा- फांसी लगाकर की आत्महत्या
दूसरी ओर ससुराल पक्ष का कहना है कि सृष्टि ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। उनका दावा है कि घटना के बाद उसे तुरंत कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा
मृतका की मां ने हर्रावाला पुलिस चौकी (थाना डोईवाला) में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ लिखित तहरीर देकर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ स्तर के अधिकारी को सौंपी गई जांच
मामले की संवेदनशीलता और मुख्य आरोपी के उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर होने को देखते हुए जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: इस मामले में दहेज हत्या और प्रताड़ना के आरोप मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। वहीं, ससुराल पक्ष का दावा है कि यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा।


