HomeBreaking Newsदिनदहाड़े वारदात: घर में घुसकर युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या

दिनदहाड़े वारदात: घर में घुसकर युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या

मौके पर दबोचा गया आरोपी

सीएनई रिपोर्टर देहरादून। बुधवार शाम कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। पटेलनगर थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर 48 वर्षीय दीपक गुप्ता की घर के भीतर घुसकर चाकू मारकर, गला रेतकर हत्या कर दी गई।

ADVERTISEMENTS

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के दौरान हमलावर घर के अंदर पहुंच गए, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चीख सुनकर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो दीपक खून से लथपथ पड़े थे, जबकि एक युवक हाथ में चाकू लिए वहीं खड़ा था। गुस्साए परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब पांच बजे पटेलनगर थाना पुलिस को चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

चीख सुनकर मदद को दौड़े परिजन

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के समय घर के अन्य सदस्य बाहर थे। अचानक कमरे से चीख सुनाई दी तो परिजन दौड़कर अंदर पहुंचे। वहां दीपक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हालत में पड़े थे और एक युवक हाथ में चाकू लिए खड़ा मिला। परिजनों ने बिना देर किए उसे पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

चर्चाओं का बाजार गर्म

घटना के बाद इलाके में इस बात की भी चर्चा रही कि वारदात के समय तीन युवक घर में दाखिल हुए थे और दो मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने फिलहाल ऐसी पुष्टि नहीं की है। सीओ अंकित कंडारी का कहना है कि अब तक की जांच में केवल एक युवक के घर में प्रवेश करने की पुष्टि हुई है। अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

हत्या के आरोप में पुलिस ने माजरा निवासी 20 वर्षीय रोहन प्रजापति को हिरासत में लिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अविवाहित दीपक गुप्ता ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। ऐसे में जांच का फोकस पैसों के लेनदेन और अन्य संभावित कारणों पर भी रखा गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी एक वजह पर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

इधर, घटनास्थल से जुटाए गए फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ी जा सकें। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का जल्द खुलासा किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments