भारी बारिश के बाद भूस्खलन से बिगड़े हालात
मुख्य क्वारब पुल से चलेंगे छोटे-बड़े वाहन
एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं को प्रतिबंध से छूट
CNE REPORTER, अल्मोड़ा/क्वारब। क्वारब क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पैदा हुए खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा यातायात फैसला लिया है। क्वारब की चौसली लिंक/वैकल्पिक मोटर रोड 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान बड़े और छोटे वाहन मुख्य क्वारब पुल से राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर संचालित होंगे।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अल्मोड़ा अंशुल सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, क्वारब बाईपास मार्ग पर अतिवृष्टि के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। इसके चलते मार्ग को सुरक्षित और सुचारू बनाने में करीब चार दिन का समय लगने की संभावना जताई गई है।
इधर अधिशासी अभियंता एनएच रानीखेत ने बताया कि लिंक रोड 15 से 18 जुलाई तक बंद रहेगी। इस अवधि में बड़े और छोटे वाहन मुख्य क्वारब पुल से चलेंगे। यात्रियों की सुरक्षा और भूस्खलन प्रभावित मार्ग पर जरूरी कार्यों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
एनएच-109 के किमी 56 पर करीब सात मीटर चौड़ा हुआ मोटर मार्ग
प्रशासनिक आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109 के किमी 56 स्थित लैंडस्लाइड जोन पर मोटर मार्ग की चौड़ाई करीब सात मीटर हो चुकी है। मार्ग की हिल साइड में स्लाइडिंग जोन की स्केलिंग और ट्रीटमेंट का काम भी लगातार जारी है।
ऐसे में अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 को हल्के वाहनों, यात्री बसों सहित सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुला रखा जाएगा। यानी क्वारब लिंक रोड बंद रहने के दौरान यातायात मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग और क्वारब पुल से संचालित होगा।
भारी बारिश से चौसली वैकल्पिक मार्ग पर भूस्खलन, सफर हुआ असुरक्षित
आदेश के अनुसार, चौसली-क्वारब वैकल्पिक मोटर मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन की स्थिति बनी है। मार्ग पर सुधार कार्य और मलबा हटाने की जरूरत को देखते हुए इसे वाहनों के लिए असुरक्षित माना गया है।
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 15 से 18 जुलाई तक मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।
एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को मिलेगी छूट
प्रशासन ने साफ किया है कि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को प्रतिबंध से मुक्त रखा जाएगा। इसके अलावा किसी वाहन का प्रतिबंधित अवधि में आवागमन अत्यंत आवश्यक होने पर संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अथवा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अल्मोड़ा परिस्थितियों के आधार पर निर्णय ले सकेंगे।
आदेश की अनदेखी पड़ी भारी तो जिम्मेदारी होगी तय
जिलाधिकारी ने आदेश के अनुपालन में किसी भी तरह की ढिलाई को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। प्रतिबंधित मार्ग पर वाहन संचालन और किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित चौकी अथवा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रानीखेत को अल्मोड़ा-क्वारब एनएच-109 पर जरूरी चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड पर कार्यस्थल से संबंधित कर्मचारी और अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर तथा आपातकालीन नंबर अंकित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही रिफ्लेक्टिव टेप, मार्ग परिवर्तन सूचना पट्ट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग अल्मोड़ा को भी क्वारब बाईपास मार्ग पर डायवर्जन संबंधी सूचना पट्ट और सुरक्षा इंतजाम करने को कहा गया है।
⚠️ यात्रियों के लिए जरूरी खबर
15 से 18 जुलाई तक चौसली-क्वारब लिंक/वैकल्पिक मोटर रोड से यात्रा न करें। छोटे और बड़े वाहन मुख्य क्वारब पुल से एनएच-109 के जरिए संचालित होंगे। यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी जरूर लें और मौके पर तैनात पुलिस व प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
यहां देखें आदेश का पीडीएफ —


