इंस्टा रील ने पहुंचा दिया सलाखों के पीछे, पढ़िये पूरी ख़बर…
CNE REPORTER, देहरादून। सोशल मीडिया पर लाइक्स और वाहवाही बटोरने की चाहत कभी-कभी ऐसी भारी पड़ जाती है कि सीधा जेल का रास्ता दिखा देती है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर रील बनाना एक महिला को महंगा पड़ गया। जिस हार को पहनकर वह शान से वीडियो बना रही थी, वह उसका अपना नहीं बल्कि चोरी का निकला। बस फिर क्या था, एक वायरल रील ने पूरे चोरी के राज से पर्दा उठा दिया और आरोपी महिला सलाखों के पीछे पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक, देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले उनके घर से हीरे और सोने के कई कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि शायद उन्होंने गहने किसी रिश्तेदार को दिए होंगे या कहीं सुरक्षित रखकर भूल गई हों। इसी वजह से उन्होंने किसी पर शक नहीं किया।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। कुछ दिन पहले उनके एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की रील और तस्वीर दिखाई। उस महिला ने वही डिजाइन का हीरे का हार पहन रखा था, जो नितिशा के घर से गायब हुआ था। जब उन्होंने ध्यान से देखा तो उनके होश उड़ गए। रील बनाने वाली महिला कोई और नहीं, बल्कि उनके घर में काम कर चुकी पूर्व घरेलू सहायिका थी।
भरोसे का फायदा उठाकर उड़ाए लाखों के गहने
रील देखने के बाद नितिशा को पूरा शक हो गया कि गहनों की चोरी उसी घरेलू सहायिका ने की है। शिकायत मिलते ही थाना राजपुर पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जोहड़ी रोड से महिला विमला देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की पूरी कहानी उगल दी। आरोपी ने बताया कि वह नितिशा के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। घर के लॉकर में रखे महंगे हीरे और सोने के गहनों पर उसकी नजर लंबे समय से थी। आखिरकार एक दिन मौका मिलते ही उसने लाखों रुपये के आभूषण चुरा लिए।
मालकिन को ही बना दिया भरोसे का शिकार
चोरी के बाद भी आरोपी बड़ी चालाकी से घर की मालकिन को यही समझाती रही कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे या किसी रिश्तेदार को दे दिए होंगे। भरोसे की वजह से किसी को उस पर शक नहीं हुआ और मामला करीब एक साल तक दबा रहा।
इस दौरान आरोपी चोरी किए गए गहनों को बेचने की कोशिश करती रही, लेकिन हीरे और महंगे सोने के आभूषण होने के कारण उन्हें आसानी से बेच नहीं सकी। आखिरकार उसने उन्हीं गहनों को पहनकर इंस्टाग्राम पर रील बना डाली और यही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई।
10 लाख के गहने बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी प्रमुख आभूषण बरामद कर लिए। बरामद सामान में एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का पेंडेंट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
एसपी सिटी ने क्या कहा?
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि हीरे और सोने के महंगे आभूषण चोरी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के चोरी के गहने बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सोशल मीडिया बना सबसे बड़ा सबूत
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि सोशल मीडिया पर दिखावे की चाह कई बार इंसान की सबसे बड़ी दुश्मन बन जाती है। जिस इंस्टाग्राम रील से आरोपी लाइक्स और तारीफें बटोरना चाहती थी, वही रील उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गई और आखिरकार उसे जेल पहुंचा गई।



