अल्मोड़ा की ओर आ रही कार, आमने—सामने की भिड़ंत
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाईवे पर स्थित सतखोल के पास एक कार और स्कूटी के बीच हुई भीषण टक्कर में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीती रात उस समय हुआ जब लखनऊ से अल्मोड़ा की ओर आ रही एक कार की टक्कर विपरीत दिशा से आ रही एक स्कूटी से हो गई। सतखोल के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही स्कूटी सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर रपट गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही खैरना चौकी के कांस्टेबल आनंद राणा और गोपाल बिष्ट बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान तड़प रहे घायल युवक को संभाला और तत्काल उसे नजदीकी ‘आरोही अस्पताल’ पहुंचाया।
घुटने में आई गंभीर चोट, हल्द्वानी रेफर
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत काफी चिंताजनक बनी हुई थी। डॉक्टरों के मुताबिक, दुर्घटना में युवक के घुटने और पैरों में बेहद गंभीर चोटें आई हैं। अत्यधिक खून बह जाने और बेहतर इलाज की आवश्यकता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान अजब सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के संभल का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह मौना से नथुवाखान की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में वह इस हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


