➤ नीट की परीक्षा कल, शांति व कानून व्यवस्था के लिए पुलिस तैयार

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: 21 जून, 2026 यानी कल होने वाली NEET की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयार है और पुलिस महकमे ने अपनी तैयारियां कर ली हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ब्रीफ किया और सुरक्षा व गोपनीयता बनाये रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए। परीक्षा के दौरान गहन चेकिंग होगी और संदिग्धों व अफवाह फैलाने वालों पर पैनी निगाह रहेगी।
एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह (नोडल अधिकारी) ने जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत व द्वाराहाट क्षेत्र में बने परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली NEET 2026 की लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रानीखेत में ब्रीफ किया। उन्होंने अधीनस्थों को यह निर्देश दिए:—
➤ सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से सघन जांच एवं फ्रिस्किंग की जाए।
➤ परीक्षा को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर सतर्क निगरानी रखी जाए।
➤ कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच अथवा अन्य किसी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ प्रवेश न कर सके, इसके लिए गहन चेकिंग की जाए।
➤ परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर नहीं जाने पाएं।
➤ जोनल एवं सेक्टर अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर ड्यूटी एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।
➤ परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दें तथा शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखें।
➤ सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर सतर्क निगरानी रखी जाये।
➤ परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाये रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


