✍️ लिटरेचर फेस्ट 2026 में बिखरे लोक-संस्कृति के रंग
✍️ कुमाऊंनी गीतों पर युगल नृत्य ने बांधा समां

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की ओर से आयोजित लिटरेचर फेस्टिवल 2026 के तहत बीते गुरुवार होटल शिखर में कुमाऊंनी लोकगीतों पर आधारित अंतर-विद्यालयीय युगल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से कुमाऊं की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करने का भरपूर प्रयास किया।

प्रतियोगिता में ब्लूमिंग बड्स, सब जूनियर एवं सीनियर वर्गों के कुल 68 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा एवं लोकधुनों पर आधारित उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देकर दर्शकों तथा निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन शगुन त्यागी, ममता वाणी एवं लता पाण्डेय ने किया। इस मौके पर ग्रीन हिल्स की प्रमुख डॉ. वसुधा पंत ने अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य, भाषा, कला और लोक संस्कृति किसी भी समाज की पहचान एवं उसकी सांस्कृतिक चेतना के आधार स्तंभ होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने तथा स्थानीय लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कैलाश शर्मा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर शिक्षा, साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अमरनाथ भट्ट, दिनेश पाण्डेय एवं डॉ. जेसी दुर्गापाल को सम्मानित किया गया। संचालन मीनाक्षी पाठक ने किया। कार्यक्रम में मीता उपाध्याय, गिरीश मल्होत्रा, दीपक जोशी, भूषण पाण्डेय सहित ग्रीन हिल्स परिवार के अनेक सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के घोषित परिणाम
ब्लूमिंग बड्स वर्ग: कृतार्थ भावना अकादमी की चाहना साह एवं हर्षिता प्रथम, बोधि ट्री स्कूल की शिवांशी एवं भाव्या द्वितीय, शारदा पब्लिक स्कूल के आरांश एवं पृथ्वी साह तृतीय रहे। सब जूनियर वर्ग में बोधि ट्री स्कूल की वन्या जोशी एवं हिमांशी जोशी प्रथम, ग्रेस स्कूल के मयंक कुमार एवं मुस्कान द्वितीय व कृतार्थ भावना अकादमी की सौम्या एवं हर्षिता बैंकोटी तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में ग्रेस स्कूल की हिमाक्षी एवं वैष्णवी प्रथम, जीजीआईसी की पलक एवं आयत द्वितीय व मिनर्वा रेज़ स्कूल की आरोही एवं दृष्टि तृतीय रहीं।


