✍️ समारोह की तैयारियां पूरी, बुधवार को हुई रिहर्सल, कुलाधिपति प्रदान करेंगे पदक

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के प्रथम दीक्षांत समारोह कल यानी गुरूवार को भव्यता से आयोजित होगा। विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित हो रहे समारोह सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। जिसमें कुलाधिपति एवं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि होंगे। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष अतिथि और उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा अतिथि होंगे। समारोह की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति एवं राज्यपाल 21 विद्यार्थियों को मैडल प्रदान करेंगे तथा विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 07 विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक (स्नातक) के लिए विभिन्न विषयों में 32 और विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक (स्नातकोत्तर) के लिए विभिन्न विषयों में 120 और वोकेशनल पाठ्यक्रम के लिए 17 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक मिलेंगे। प्रायोजक मैडल के रूप में 05 विद्यार्थियों को मैडल प्रदान किये जायेंगे। वहीं विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों में कुल 48 पीएचडी उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के तहत कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालय की ओर से तैयार ‘विधि सहयोगी ऐप’, ‘पत्रकारिता: संभावनाएं, भविष्य एवं चुनौतियां’ का विमोचन किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसी क्रम में बुधवार को रिहर्सल आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों को परखा। कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट, परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, शोध निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट, परिसर निदेशक प्रो. पीएस बिष्ट सहित विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कमेटियों के सदस्य, विश्वविद्यालय के अधिकारी, परिसर के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।


