➤ अल्मोड़ा जिले के बैरती में हुआ हादसा, कार जलकर राख
➤ दो साथियों के साथ बैंक कर्मचारी अपनी कार में जा रहे थे हल्द्वानी

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले के द्वाराहाट थानांतर्गत बैरती में एक कार आग को गोला बन गई। राह चलते अचानक कार में आग सुलग गई और देखते ही देखते पूरी कार आग का अंगारा बनकर नष्ट हो गई। इसमें तीन लोग सवार थे। सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर पुलिस टीम भी पहुंची। बड़ी मशक्कत से आग बुझाई, मगर कार जलकर राख हो गई।

हुआ यूं कि नैनीताल जनपद के काठगोदाम क्षेत्र के जवाहर ज्योति मोहल्ला निवासी कपिल आर्या पुत्र महेश चन्द्र आर्या भारतीय स्टेट बैंक की गौचर (कर्णप्रयाग), जनपद चमोली में कार्यरत हैं। वह बीते शुक्रवार शाम बैंक कार्य करने के उपरांत अपने साथियों शुभम एवं निखिल कोहली के साथ गौचर से हल्द्वानी की ओर चले थे। उन्होंने बताया कि राह में शाम लगभग सवा पांच बजे ग्राम बैरती स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के समीप उनके वाहन के क्लच ने अचानक कार्य करना बंद कर दिया। तो उन्होंने सड़क किनारे वाहन रोककर जांच की, तो पाया कि इंजन के नीचे आग सुलगी है। खतरा भांप वाहन में सवार लोगों ने तत्काल अपना जरूरी सामान वाहन से बाहर निकाला और रेस्टोरेंट से पानी की पाइप एवं मिट्टी की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलते चले गई और उसने पूरे वाहन को अपने आगोश में ले लिया। इसके बाद में लग गई।
इसके बाद मामले की सूचना डायल 112 के जरिये कपिल आर्या ने पुलिस को दी और सहायता मांगी। सूचना पाते ही कोतवाली द्वाराहाट से पुलिस टीम तत्काल चौखुटिया रोड स्थित ग्राम बैरती में ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के समीप पहुंची। वहां वाहन संख्या UK 04AH 3938 (निसान मैग्नाइट) में भीषण आग लगी पाई। होटल स्वामी बालम सिंह नेगी एवं वाहन में सवार व्यक्ति आग बुझाने के प्रयास में जुटे थे। पुलिस टीम ने भी आग बुझाने के प्रयास किए, किन्तु आग की ज्वाला तेज होने से उस पर तत्काल नियंत्रण नहीं पाया जा सका। कड़ी मशक्कत के बाद पानी एवं मिट्टी की सहायता से आग पर काबू पाया गया, किंतु तब तक वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने बताया है कि प्रथम दृष्टया वाहन में आग लगने की घटना आकस्मिक प्रतीत होती है। वाहन स्वामी को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के लिए थाना आकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने के बारे में बताया। कुछ देर उस जगह पर यातायात भी प्रभावित रहा।


