➤ वाहन में बैठ घास लेने जा रही पांच महिलाएं घायल, एक ही हालत गंभीर

➤ कपकोट तहसील अंतर्गत तुड़तुड़िया-भैरों लिंक रोड में हुई दुर्घटना
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: कपकोट तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कपकोट-बागेश्वर मोटरमार्ग से जुड़े तुड़तुड़िया-भैरों लिंक रोड पर टाटा 407 वाहन संख्या यूके 02 सीए 0677 अनियंत्रित होकर लगभग 15 से 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जिसमें गंभीर चोटें लगने से चालक की मौत हो गई जबकि पांच महिलाएं घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 8:15 बजे हुई। वाहन में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। हादसे में घायल चालक भगत सिंह (33 वर्ष), निवासी खारबगड़, कपकोट की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को जिला चिकित्सालय बागेश्वर पहुंचाया गया, जहां उपचार चल रहा है। घायलों में सुरमा देवी (60 वर्ष), निवासी खटगेड़ा-रेथल की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च उपचार के लिए रेफर किया जा रहा है। घायलों में राधा देवी (27 वर्ष), तारा देवी (33 वर्ष), उमा देवी साही (25 वर्ष) तथा कमला ऐठानी (32 वर्ष) शामिल हैं।बताया जा रहा है कि वाहन असों-कपकोट क्षेत्र से भैरों की ओर घास लेने जा रहा था। वाहन में चालक के अलावा पांच महिलाएं सवार थीं। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


