HomeAccidentहल्द्वानी : हाईवे पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर...

हल्द्वानी : हाईवे पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर की मौत

टक्कर मार फरार हुआ वाहन चालक, पर छूट गई नंबर प्लेट

हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। मंगलवार देर रात हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उस व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

ADVERTISEMENTSAd

यह पूरी घटना हल्दूचौड़ बबूर गुमटी के पास की है। मिली जानकारी के अनुसार, बबूर गुमटी के रहने वाले प्रेम सिंह (44 वर्ष) पास ही स्थित नरूला प्लॉट में ड्राइवर और चौकीदार के पद पर तैनात थे। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह किसी काम से हाईवे पार कर रहे थे, तभी हल्द्वानी की दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।

सड़क पर छूटा आरोपी का सुराग

भले ही आरोपी चालक दुर्घटना के बाद गाड़ी भगा ले जाने में कामयाब रहा, लेकिन कानून के हाथों से बचना उसका नामुमकिन लग रहा है। दरअसल, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरोपी की गाड़ी की नंबर प्लेट उखड़कर घटनास्थल पर ही गिर गई। पुलिस ने इस नंबर प्लेट को अपने कब्जे में ले लिया है और इसके आधार पर वाहन मालिक और चालक की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है।

परिजनों के सामने बिखरा था लहूलुहान शव, चीख-पुकार से कांपा इलाका

हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल मामले की सूचना 112 नंबर के जरिए पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक प्रेम सिंह की सांसें थम चुकी थीं। इधर, जैसे ही हादसे की खबर मृतक के परिवार तक पहुंची, कोहराम मच गया। बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे परिजनों ने जब सड़क पर प्रेम सिंह का लहूलुहान शव देखा, तो उनकी चीख-पुकार से पूरा इलाका कांप उठा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तुरंत हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से बरामद हुई नंबर प्लेट के जरिए आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments