टैक्सी चालकों को दी गई आपातकालीन ट्रेनिंग
सीएनई रिपोर्टर, पनुवानौला। संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पनुवानौला में एक महत्वपूर्ण ‘फर्स्ट रेस्पॉन्डर प्रोग्राम’ (प्रथम उत्तरदाता कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान कीमती जानों को बचाना और चालकों को आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और भारी संख्या में स्थानीय टैक्सी चालकों ने प्रतिभाग किया।

सड़क सुरक्षा के इस विशेष अभियान में कई प्रमुख विभागों ने एक साथ मिलकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इसमें परिवहन विभाग अल्मोड़ा, आपदा प्रबंधन विभाग अल्मोड़ा, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) अल्मोड़ा, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय पुलिस विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही क्षेत्र की टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और चालकों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ और जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे। परिवहन विभाग की ओर से परिवहन अधिकारी अखिलेश चौहान ने शिरकत की। वहीं, कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था से थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत व चौकी प्रभारी जागेश्वर कमित जोशी उपस्थित रहे।
राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकियां सिखाने के लिए एसडीआरएफ से राजेश जोशी व पंकज डगवाल और आपदा प्रबंधन अल्मोड़ा से मास्टर ट्रेनर आलोक वर्मा पहुंचे। चिकित्सा एवं आपातकालीन प्राथमिक उपचार की जानकारी देने के लिए स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर कमलेश उपाध्याय मौजूद रहे। टैक्सी यूनियन की तरफ से हेमंत शाह और प्रमोद कुमार जोशी आदि ने प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने टैक्सी चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तृत जानकारी दी। चालकों को विशेष रूप से ‘फर्स्ट रिस्पांडर’ के तौर पर प्रशिक्षित किया गया, ताकि किसी भी सड़क दुर्घटना के शुरुआती ‘गोल्डन ऑवर’ (दुर्घटना के ठीक बाद का पहला घंटा) में वे पीड़ितों को तत्काल और सही तरीके से प्राथमिक उपचार दे सकें। मास्टर ट्रेनर्स और डॉक्टरों ने चालकों को बताया कि एम्बुलेंस या मेडिकल सहायता पहुंचने से पहले घायल व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है।
चालकों और प्रतिभागियों को बांटी गई रोड सेफ्टी किट
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सतर्कता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम के अंत में सभी वाहन चालकों और प्रतिभागियों को बेहद उपयोगी सुरक्षा सामग्री वितरित की गई। परिवहन विभाग और सहयोगी विभागों द्वारा सभी को फर्स्ट एड किट, जूट बैग, टॉर्च, जागरूकता पंपलेट, पोस्टर, डायरी, पेन, रोड सेफ्टी टी-शर्ट, बैग, रिफ्लेक्टर जैकेट और रिफ्लेक्टर टेप प्रदान किए गए, ताकि वे अपने वाहनों को सुरक्षित रख सकें और रात के समय दुर्घटनाओं से बच सकें।


