➤ एडीएम युक्ता ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक, जरूरी निर्देश दिए

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन एवं तैयारियों की समीक्षा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। उन्होंने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण समुचित एवं प्रभावी ढंग से हो, ताकि एसआईआर कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने पाए।
अपर जिलाधिकारी ने एसआईआर कार्यक्रम के तहत होने वाले विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान संबंधित कार्मिकों को सभी आवश्यक जानकारियां विस्तारपूर्वक उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियों के संचालन हेतु आवश्यक सामग्री की मांग समय से सुनिश्चित कर ली जाए और सभी कंट्रोल रूमों की समयबद्ध स्थापना सुनिश्चित की जाए। बैठक में गणना प्रपत्रों की उपलब्धता एवं उनकी छपाई की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक प्रपत्र पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएं ताकि पुनरीक्षण कार्य प्रभावित न हो।
अपर जिलाधिकारी ने एसआईआर से संबंधित सभी गतिविधियों के डिजिटलीकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी सूचनाओं एवं प्रगति विवरणों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, जिससे कार्यक्रम की सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में नोडल प्रशिक्षण केएन तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत समेत उपजिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) तथा नामित नोडल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इनके अलावा अन्य संबंधितों ने वर्चुअली प्रतिभाग किया।


