➤ विधायक मनोज तिवारी बोले: जनसभा ऐतिहासिक, अभूतपूर्व और लोकतंत्र को मजबूत करने वाली साबित होगी

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: आगामी 4 जून को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस संगठन पूरी ताकत से तैयारी में जुटा है। राहुल गांधी के अल्मोड़ा कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साह से भरे हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा पहुंच चुके हैं। इसी क्रम में अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने दावा किया है कि राहुल गांधी की जनसभा महज एक राजनैतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा है कि राहुल गांधी की जनसभा से एक बड़ा संदेश उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के कोने-कोने तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि जनसभा की तैयारियों को लेकर पार्टी के सभी मोर्चे और संगठन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी, नगर कांग्रेस कमेटी, महिला जिला एवं नगर कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवादल, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, एनएसयूआई, कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ, कांग्रेस बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ, कांग्रेस भूतपूर्व सैनिक संगठन सहित कांग्रेस के सभी अनुषांगिक संगठन लगातार बैठकें कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य अल्मोड़ा पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जनसभा की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार जनसभा स्थल सिमकनी मैदान का निरीक्षण कर रहे हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेता जनसभा में शामिल होने के लिए अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी स्वयं इस कार्यक्रम को लेकर गंभीर हैं और पार्टी संगठन के साथ लगातार संपर्क में हैं। जनसभा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश नेतृत्व भी पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक प्रीतम सिंह सहित पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत कल दो जून को अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के सह प्रभारी आज अल्मोड़ा पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जनसभा में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में देश जिन राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, उस पर राहुल गांधी का संबोधन महत्वपूर्ण दिशा देने वाला होगा। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और अल्मोड़ा की यह जनसभा उसी संघर्ष का एक महत्वपूर्ण अध्याय बनेगी। मनोज तिवारी ने कहा कि जनसभा को लेकर आमजन भी उत्साहित प्रतीत होते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 जून को सिमकनी मैदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे और यह जनसभा उत्तराखंड की राजनीति में एक नई मिसाल कायम करेगी। पार्टी को भरोसा है कि 4 जून की यह जनसभा ऐतिहासिक, अभूतपूर्व और लोकतंत्र को मजबूत करने वाली साबित होगी।


