➤ अल्मोड़ा स्थित गोल्डी भवन में शिव महापुराण ज्ञानयज्ञ का आगाज
➤ शास्त्री चंद्रशेखर अधिकारी बिखेर रहे कथा का अमृत, श्रद्धालु उमड़े

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: आज से नगर के सुनारीनौला, थपलिया, खोल्टा व लोअर माल रोड क्षेत्र में पूरा माहौल भक्तिमय हो चला है। भक्ति की यह बयार शिव महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ से चल पड़ी है। इस धार्मिक अनुष्ठान का सुनारीधारा स्थित गोल्डी भवन में रविवार से आगाज हो गया है। जिसके आयोजक प्रतिष्ठित चंद्रलाल वर्मा एवं माया वर्मा हैं। जिसमें कथा व्यास नामी शास्त्री चंद्रशेखर अधिकारी हैं, जो मधुर कंठ से शिव कथा का ज्ञान बिखेर रहे हैं।

कथा ज्ञानयज्ञ के शुभारंभ अवसर पर रविवार सुबह करीब नौ बजे सुनारीधारा से भव्य कलश यात्रा निकली। जिसमें तमाम महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर शामिल हुईं। इसके बाद दोपहर तक पूजा अनुष्ठान के कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुए। तत्पश्चात कथा का बखान कथा व्यास ने शुरू किया। पहले दिन ब्रह्मा व भगवान बिष्णु के विवाद, विवाद सुलझाने के लिए दोनों का शिवलोक में भगवान शिव के पास जाना आदि कई प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने भगवान शिव की महिमा का बखान किया। इसके अलावा भजन-कीर्तनों ने भक्ति के माहौल में चार चांद लगा दिए। अंत में आरती व प्रसाद वितरण हुआ। यह कथा प्रतिदिन अपराह्न दो से पांच बजे तक चलेगी। आगामी 3 जून को पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ इसका समापन होगा। पहले ही रोज कथा श्रवण को बड़ी संख्या में महिलाएं व पुुरूष उमड़ पड़े। इस आयोजन में कई स्थानीय लोगों ने व्यवस्था बनाने में सहयोग किया।



