➤ वनाग्नि के कारण चहुंओर फैली धुंध, जल संकट का खतरा बढ़ा

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: शुक्रवार को हुई बारिश से कपकोट तथा दुग-नाकुरी तहसील के जंगलों की आग तो बुझ गई, लेकिन धरमघर, बागेश्वर रेंज के जंगल लगातार जल रहे हैं। जंगलों के सुलगने से वातावरण में एक बार फिर से धुंध फैलने लगी है। कई स्थानों पर चीड़ के अलावा चौड़ी पत्तीदार पेड़ भी जल गए हैं। इससे पानी के संकट का भी खतरा बढ़ गया है।

शुक्रवार की रात करीब नौ बजे नदीगांव क्षेत्र से सटे जंगल में आग लग गई। आग रिहायशी क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी। इसकी सूचना लोगों ने वन विभाग को दी। सूचना के बाद वन कर्मी मौके पर पहुंचे और आग को काबू पा लिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। उधर धरमघर रेंज के नरगोली के जंगल दिन-रात धधके रहे हैं। यह मिश्रित वन है। आग के कारण बांज फल्यांट, काफल, बुरांश व चीड़ के पेड़ जल रहे हैं। यह पिथौरागढ़ जिले से लगा हुआ है। आग भी पिथौरागढ़ के जंगलों से फैल रही है। सीमा का विवाद आग बुझाने में भी दिख रहा है। बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले के वन कर्मी समन्वय बनाने के बताए एक दूसरे पर आग बुझाने की जिम्मेदारी डाल रहे हैं। इससे अधिक जंगल जल रहे हैं। इधर रेंजर केएन पांडेय ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर भेज दिए हैं। जल्द आग पर काबू पा लिया जाएगा।


