✸ जवानों को ड्रिल व स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास भी कराया

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: यहां पुलिस के जवानों को अनुशासित, सतर्क और शारीरिक रूप से दक्ष बनाए रखने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के नेतृत्व में हुआ। परेड के दौरान जवानों को ड्रिल तथा स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने वर्तमान में बढ़ते तापमान तथा जंगलों में बढ़ रही आग की घटनाओं को देखते हुए जवानों को वनाग्नि रोकने के लिए जागरूक किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर आग पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। पुलिस लाइन के प्रभारी उप निरीक्षक चंदन भंडारी ने जवानों को आपदा प्रबंधन में उपयोग होने वाले उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान रेस्क्यू आपरेशन में रस्सियों के माध्यम से लगाई जाने वाली विभिन्न महत्वपूर्ण गांठों का प्रशिक्षण भी दिया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों की जान बचाने के लिए जवानों को सीपीआर देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। बताया गया कि दुर्घटना या आपदा के समय प्राथमिक उपचार और त्वरित सहायता किस प्रकार जीवन रक्षक साबित हो सकती है। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक अजय साह आदि उपस्थित थे।


