आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में किया याद
सीएनई ब्यूरो, अल्मोड़ा/रानीखेत। भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर अल्मोड़ा और रानीखेत दोनों ही स्थानों पर कांग्रेसजनों द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र व प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर देश के विकास, सूचना क्रांति और युवाओं को सशक्त बनाने में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

अल्मोड़ा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय राजीव गांधी जी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि राजीव गांधी जी ने आधुनिक भारत की नींव को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने देश में कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की शुरुआत कर भारत को एक नई दिशा देने का काम किया। आज देश जिस डिजिटल युग में तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसकी वास्तविक आधारशिला राजीव गांधी जी ने ही रखी थी।

वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजीव गांधी सदैव युवाओं, किसानों, गरीबों और आम जनता की बुलंद आवाज बने रहे। पंचायतों को वित्तीय और प्रशासनिक रूप से मजबूत करने तथा लोकतंत्र की जड़ों को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। जिलाध्यक्ष ने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस पार्टी उनके आदर्शों और विचारों पर चलकर देश में सामाजिक न्याय, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य निरंतर करती रहेगी।
अल्मोड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्य रूप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, अल्मोड़ा अर्बन बैंक के पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह बगड़वाल, जिला उपाध्यक्ष विनोद वैष्णव, आनंद बिष्ट, बी० के० पांडे, जया जोशी, सलीम अख्तर, ब्लॉक अध्यक्ष महिपाल प्रसाद, मयंक बिष्ट, परितोष जोशी, पार्षद विकास कुमार, गोविंद लाल, दीक्षा सुयाल और गौरव जोशी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रानीखेत के राजीव गांधी पार्क में भावभीनी श्रद्धांजलि
रानीखेत कांग्रेस कमेटी द्वारा स्थानीय राजीव गांधी पार्क में एक गरिमय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यहाँ कांग्रेस जनों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प माला चढ़ा कर उन्हें याद किया। इसके साथ ही, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (स्व०) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सभा में दो मिनट का मौन रखा गया और देश व राज्य के प्रति उनकी सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
रानीखेत में सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी जी एक दूरदर्शी राजनेता थे, जिन्होंने विज्ञान और तकनीक के समन्वय से देश को 21वीं सदी के आधुनिक भारत के रूप में तैयार किया। वह केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि देश के युवाओं की आशा के प्रतीक थे। उन्होंने 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मताधिकार देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में साझीदार बनाया। उनका सरल व्यक्तित्व, सौम्य व्यवहार और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सदैव नई पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
रानीखेत के इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, अगस्त लाल साह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव, कुलदीप कुमार, प्रमोद पाल, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, हेमंत बिष्ट, पंकज गुरुरानी, दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, रुद्र माहरा, नवीन चंद्र नैनवाल और सुरेन्द्र पवार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।


