✸ ‘आपरेशन प्रहार’ का वार: लग्जरी गाड़ी में नशे का खेल हुआ फेल


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जनपद में पुलिस को ‘आपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कामयाबी मिली है। करीब 13.61 लाख रूपये कीमत के गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को धर दबोचा है। यह लोग लग्जरी फार्च्युनर कार से गांजा तस्करी कर रहे थे। इनहोंने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की, मगर उनकी कोशिश नाकाम हो गई।
गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिले में नशे के विरुद्ध जीरो टाँलरेन्स नीति अपनाई जा रही है, ताकि ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार बनाया जा सके। इसी क्रम में ‘आपरेशन प्रहार’ अभियान चला है। देघाट थाना अंतर्गत बीते रविवार को थानाध्यक्ष अजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केदार उदयपुर रोड में ग्राम उदयपुर में डोभरी गधेरे के समीप चेकिंग की। तो इसी दौरान लग्जरी फार्च्युनर कार संख्या CH 01-AR-9289 की तलाशी ली। तो वाहन की डिग्गी में रखे 03 कट्टों से क्रमश: 20.100 kg, 16.150 kg व 18.200 kg (कुल 54.450 kg) अवैध गांजा मिला। वाहन में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया और थाना देघाट में धारा 8/20/60 NDPS एक्ट के तहत एफआईआर पंजीकृत कर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। साथ ही कार को सीज कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों में हिम्मत सिंह बोरा पुत्र हरि सिंह, निवासी वार्ड नं.-9, दुर्गापुरी, रामनगर, जिला नैनीताल तथा भरत रावत पुत्र आनन्द सिंह रावत, निवासी नई बस्ती पुछड़ी, रामनगर, जिला नैनीताल शामिल हैं। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 13,61,250 रुपये बताई है।
पुलिस टीम हुई पुरस्कृत
बड़ी मात्रा में गांजा बरामद करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने 1000 रूपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया है। थाना देघाट की पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद, अपर उप निरीक्षक गंगा प्रसाद, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा, कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह व नीरज बिष्ट शामिल रहे।


