चौसली और बार्समी में ग्राम प्रधान समेत दर्जनों ग्रामीणों ने ली यूकेडी की सदस्यता
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अल्मोड़ा जिले में अपनी सांगठनिक जमीन को मजबूत करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में यूकेडी की अल्मोड़ा इकाई द्वारा चौसली से लेकर बार्समी तक के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क और सदस्यता अभियान चलाया गया। दल की विचारधारा को हर घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को जनता का भारी समर्थन मिला।



यूकेडी के कार्यकर्ताओं ने चौसली और बार्समी के गांवों में ‘घर-घर चर्चा, घर-घर पर्चा’ कार्यक्रम के तहत दस्तक दी। इस दौरान नेताओं ने ग्रामीणों के साथ बैठकर उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों पर संवाद स्थापित किया। दल के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को पर्चे बांटे और यूकेडी की नीतियों व भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।
पलायन, चकबंदी और मूल निवास के मुद्दों पर घेरा
सदस्यता अभियान के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल के मुख्य एजेंडे और राज्य के बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच रखा गया। दल के नेताओं ने मुख्य रूप से मांग की कि उत्तराखंड की नौकरियों में यहां के मूल निवासियों को 80% रोजगार की गारंटी दी जाए। इसके साथ ही जनभावनाओं के अनुरूप गैरसैंण को राज्य की पूर्णकालिक स्थायी राजधानी घोषित करने, राज्य में कड़े भू-कानून के साथ ‘मूल निवास 1950’ को तत्काल लागू करने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोकने के लिए गांवों में खेती की चकबंदी करने जैसे मुद्दों पर भी जोर दिया गया।
ग्राम प्रधान सहित कई ग्रामीणों ने ली यूकेडी की सदस्यता
उत्तराखंड क्रांति दल की नीतियों और क्षेत्रीय मुद्दों से प्रभावित होकर क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने दल का दामन थामा। यूकेडी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान कमला लटवाल, पूर्व प्रधान पान सिंह लटवाल, मीना देवी, लक्ष्मी देवी, शांति लटवाल, देवेंद्र लटवाल, नवीन कुमार, प्रेम सिंह, रंजीत सिंह, उमेद सिंह, रघुवर सिंह लटवाल और दीवान सिंह लटवाल आदि शामिल रहे। दल के वरिष्ठ नेताओं ने माला पहनाकर सभी का स्वागत किया।
इस व्यापक सदस्यता अभियान और जनसभा को सफल बनाने में यूकेडी के कई शीर्ष, जिला स्तरीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुस्तैद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, सरपंच जगदीश सिंह लटवाल, कार्यकारी अध्यक्ष पान सिंह लटवाल, केंद्रीय संयुक्त सचिव तिलोक लटवाल, केंद्रीय संगठन मंत्री (युवा प्रकोष्ठ) नरेंद्र सिंह बिष्ट, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रघुवीर सिंह भाकुनी, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष दीपा जोशी, किरन मेहरा, युवा प्रकोष्ठ केंद्रीय कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला, हरीश चंदोला, राहुल मिश्रा, गोपाल कार्की, यूसुफ और ज्योति दानू सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


