⇒ बद्रीनाथ व केदारनाथ के दर्शन के बाद कौसानी (बागेश्वर) में ठहरे, जहां तबियत बिगड़ी


सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: चारधाम यात्रा से लौट रहे गुजरात निवासी एक बुजुर्ग श्रद्धालु की बैजनाथ क्षेत्र में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक अपने परिजनों के साथ बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे और कौसानी में ठहरे हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बागेश्वर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हिमांग राणा 67 वर्ष पुत्र घिमांत कुमार निवासी जूनागढ़, गुजरात अपने परिजनों के साथ चारधाम यात्रा पर आए थे। बद्रीनाथ और केदारनाथ भ्रमण के बाद वह 15 मई को कौसानी स्थित एक होटल में रुके थे। बताया जा रहा है कि मृतक पूर्व से हृदय रोग से पीड़ित थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल कैलाश नेगी पुलिस टीम के। साथ मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचायतनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बागेश्वर भेजा।


