⇒ सीएम की घोषणाओं के कार्यों को समयसीमा में पूरा करें: आकांक्षा
⇒ जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों को दिए निर्देश


सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: जिलाधिकारी ने आज मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। सभी विभागों को घोषणाओं को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कहा शासन तथा निदेशालय स्तर पर लंबित मामलों में संबंधित अधिकारी प्रभावी पैरवी करें।
शनिवार को कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम आकांक्षा कोंडे ने भूमि संबंधी मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अपर जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का कार्य 10 जून तक पूरा करने को कहा। संस्कृति विभाग को सरमूल को पर्यटन धाम के रूप में विकसित किए जाने संबंधी घोषणा वन विभाग को हस्तांतरित करने तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट को जूनियर हाईस्कूल में उच्चीकृत किए जाने संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बागेश्वर में प्रस्तावित टनल बाईपास निर्माण संबंधी घोषणा को विलोपित करने की कार्रवाई भी करने को कहा। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दिनेश रावत ने बताया कि जिले में कुल 103 मुख्यमंत्री घोषणाएं हैं, जिनमें से 36 पूर्ण हो चुकी हैं, 22 में शासनादेश जारी हो चुके हैं, 43 प्रकरण शासन स्तर पर तथा दो विभागीय स्तर पर विभिन्न चरणों में लंबित हैं।


