सड़क और पंपिंग योजनाओं पर खर्च हो रहे 200 करोड़
अस्पताल की स्थिति और रेफरल समस्या पर गहरी चिंता
सीएनई संवाददाता, रानीखेत : रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शनिवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान रानीखेत के भाजपा विधायक डॉ० प्रमोद नैनवाल ने क्षेत्र में चल रही तकरीबन 200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा जनता के सामने रखा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और बुनियादी सुविधाओं को आम जनमानस तक पहुंचाना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


प्रेस वार्ता की शुरुआत में विधायक डॉ० प्रमोद नैनवाल ने स्थानीय नागरिक अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष चर्चा की। उन्होंने अस्पताल से मरीजों के लगातार हो रहे पलायन और उन्हें हायर सेंटर रेफर किए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस गंभीर मुद्दे पर उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और डॉक्टरों की टीम से सीधे जवाब तलब किया और मरीजों को रेफर करने के मुख्य कारणों की समीक्षा की।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार: NICU, सीटी स्कैन और आधुनिक मशीनों की सौगात
डॉक्टरों की टीम ने विधायक को अवगत कराया कि अस्पताल में एनआईसीयू (NICU) न होने के कारण सबसे ज्यादा समस्या उन गर्भवती महिलाओं के साथ आती है, जिनके बच्चे समय से पहले (प्री-मैच्योर) पैदा हो जाते हैं। इस समस्या का संज्ञान लेते हुए विधायक ने विगत 22 जुलाई को अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और अस्पताल की तमाम कमियों से उन्हें अवगत कराया था।
विधायक के प्रयासों के फलस्वरूप अस्पताल को एनआईसीयू, सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी जीवनरक्षक और आधुनिक मशीनें स्वीकृत हुईं। इन सभी आधुनिक मशीनों का कुछ दिनों पहले ही 13 अप्रैल को विधिवत अनावरण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त अस्पताल में अब आधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड और दूरबीन विधि से इलाज की सामग्री भी उपलब्ध करा दी गई है।
अस्पताल परिसर का सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचा
मरीजों और तीमारदारों की सहूलियत के लिए अस्पताल के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया गया है। सरकार द्वारा नागरिक हितों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर के भीतर रास्तों का निर्माण, टाइल्स लगाने का कार्य, मरीजों के बैठने के लिए बेंचों की व्यवस्था और पूरे हॉस्पिटल परिसर की सुरक्षा के लिए चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण और परिसीमन कार्य कराया गया है।
पेयजल संकट से मुक्ति: करोड़ों की पंपिंग योजनाओं को मंजूरी
क्षेत्र में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए विधायक नैनवाल ने करोड़ों रुपये की पेयजल योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट साझा की। उन्होंने बताया कि रानीखेत ग्रामीण पंपिंग योजना के लिए 39 करोड़ रुपये और हीरानंद महाराज पंपिंग योजना के लिए 32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा भवानी देवी पंपिंग योजना पर 17 करोड़ रुपये, नैथना देवी योजना पर 8 करोड़ रुपये और चमाड़खान पंपिंग योजना पर 7 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से कार्य चल रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को पानी की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
सड़कों का जाल और अन्य पर्यटन विकास कार्य
सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कई अहम मार्गों पर काम चल रहा है। विधायक ने बताया कि रानीखेत से पंत कोटली, वलना और गगास मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 11 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही सिलोर महादेव मार्ग, बिनसर महादेव मार्ग, रानीखेत झील का विकास और एनसीसी ग्राउंड के सुंदरीकरण जैसे निरंतर चलने वाले विकास कार्यों से पत्रकारों को रूबरू कराया गया।
पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक डॉ० प्रमोद नैनवाल के साथ क्षेत्र के कई प्रमुख भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। जिनमें मुख्य रूप से नगर के पूर्व व्यापार मंडल महासचिव संदीप गोयल, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, मंडल मंत्री महेंद्र सिंह रावत, दर्शन मेहरा, अजय चौहान एवं उमेश पंत शामिल थे। सभी नेताओं ने एक सुर में रानीखेत के विकास के लिए विधायक के प्रयासों की सराहना की।


