►► अल्मोड़ा प्रशासन का डंडा लापरवाही बरतने वाले कार्मिक पर चला
►► जनगणना कार्य: नोटिस जारी, कार्य में कोई चूक बर्दाश्त नहीं होगी


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन गंभीर है। इसी क्रम में इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले एक कार्मिक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही हिदायत दी है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो जनगणना अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। साथ ही संबंधित कार्मिकों को चेताया है कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनपद में संचालित जनगणना कार्यों की समीक्षा के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोकिलागांव में तैनात कार्मिक बलराम सिंह की लापरवाही प्रकाश में आई है। जिसे तहसीलदार/जनगणना अधिकारी करिश्मा जोशी ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। इस नोटिस का जवाब 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध राष्ट्रीय कार्यक्रम में आवश्यक कार्य नहीं करने के कारण बलराम सिंह द्वारा लापरवाही बरती गई है। नोटिस में स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की दशा में जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-11 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


