►► जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में योजनाओं की समीक्षा
►► सदस्यों ने अफसरों को गिनाई अपने क्षेत्र की समस्याएं


सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: यहां मंगलवार को जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में अधिकारियों को सदस्यों की नाराजगी झेलनी पड़ी। सदन में प्रमुखत: सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर आक्रोश देखा गया। इतना ही नहीं सदस्यों ने बाहरी ठेकेदारों पर निर्माण कार्यों में लापरवाही बरते जाने और अधिकारियों पर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं की अनदेखी करने के आरोप लगे।
विकास भवन सभागार में अध्यक्ष शोभा आर्या की अध्यक्षता में जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक हुई। जिसमें वर्ष 2025-26 में स्वीकृत जिला पंचायत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित मुद्दों को विस्तार से उठाया। जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या व राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड बैठक में उठी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित हो और विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। वहीं जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने सभी अफसरों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर संबंधित सदस्यों को समस्या समाधान के बारे में सूचित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य दीपक खुल्बे व सुंदर गड़िया ने किसानों को डीजल-पेट्रोल नहीं मिलने की शिकायत उठाई। जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहनी ने पर्वतीय क्षेत्रों में डिपो से डीजल-पेट्रोल आपूर्ति में भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने पेयजल और जल निगम द्वारा ग्रामीणों की अनुमति के बगैर ही पेयजल लाइनें खोद डालने की शिकायत भी दर्ज कराई। जिला पंचायत सदस्य गोपा धपोला ने कांडा क्षेत्र की पेयजल योजनाओं में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। वहीं समय पर कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी ने डीएफओ के बैठक में नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत लखनी में पेयजल कार्य अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। ज्योति राठौर ने पेयजल टंकी में लीकेज, बलवंत राम ने आपदा प्रभावित पौसारी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, गोपा धपोला ने अनियमित विद्युतापूर्ति व मनमाना सरचार्ज, बसंती देव ने बोरबलड़ा और कुंवारी में विद्युतीकरण नहीं होने का मामला उठाया और कड़ी नाराजगी जताई। भास्कर बोरा ने आवासीय मकानों के ऊपर से विद्युत लाइनें हटाने की मांग की। बैठक में विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी ने किया।


