HomeUttarakhandBageshwarचंपावत प्रकरण: बागेश्वर में यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, CM का पुतला...

चंपावत प्रकरण: बागेश्वर में यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, CM का पुतला फूंका

एसबीआई तिराहे पर पुतला दहन और नारेबाजी

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: जनपद चंपावत में पूर्व भाजपा ब्लॉक मंडल अध्यक्ष और उसके साथियों पर एक नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोपों ने प्रदेश की सियासत गर्मा दी है। इस घटना को लेकर बागेश्वर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए शहर के मुख्य चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया।

ADVERTISEMENTSAd Ad

यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार और पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्रित हुए। यहाँ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और बेटियां अपने ही घर-आंगन में सुरक्षित नहीं हैं।

प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार ने सीधे तौर पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। परिहार ने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के नाम आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उन पर कठोरतम कार्रवाई नहीं हुई, तो यूथ कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर विधानसभा तक उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।

पूर्व विधायक ने लगाए पक्षपात के आरोप

पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने इस घटना को मानवता पर कलंक बताया। उन्होंने कहा कि एक नाबालिग के साथ हुई यह दरिंदगी देवभूमि को शर्मसार करने वाली है। फर्स्वाण ने आरोप लगाया कि जब भी भाजपा से जुड़े किसी व्यक्ति का नाम अपराधों में आता है, तो पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई की रफ्तार सुस्त पड़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़िता के परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, कमलेश गढ़िया, राहुल बाराकोटी, गौरव परिहार, कैलाश नाथ, उम्मेद गढ़िया सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि इस मामले की त्वरित जांच कर दोषियों को ऐसी सजा दी जाए जो प्रदेश में नजीर बन सके।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments