दून कॉन्वेंट स्कूल रहा उपविजेता
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित दून कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आज चतुर्थ नैनीताल डिस्ट्रिक्ट मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के नन्हें मार्शल आर्ट्स योद्धाओं ने अपने कौशल और अनुशासन का जबरदस्त प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि उपेंद्र बर्तवाल (A.C.F एवं डिवीजनल सेल्स मैनेजर, UKFDC), विशिष्ट अतिथि पल्लव साह (डायरेक्टर, दून कॉन्वेंट स्कूल), कृष्णा जोशी (प्रधानाचार्य) एवं महेश चौधरी (डायरेक्टर, दिल्ली प्ले स्कूल) द्वारा किया गया। अतिथियों ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर चैंपियनशिप की शुरुआत की।
इस अवसर पर दून कॉन्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्णा जोशी ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए छात्रों को सतत अभ्यास और भविष्य के लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि उपेंद्र बर्तवाल ने छोटी उम्र में बच्चों के भीतर मार्शल आर्ट्स के प्रति जुनून देखकर खुशी जाहिर की और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया। वहीं, पल्लव साह ने खिलाड़ियों को खेल भावना और पारदर्शिता के साथ प्रदर्शन करने का संदेश दिया।
कड़े मुकाबलों में 70 प्रतिभागियों ने दिखाया दम
चैंपियनशिप में दून कॉन्वेंट स्कूल, आनंदा एकेडमी और लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के लगभग 70 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। मुकाबलों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इंटरनेशनल प्लेयर एवं ‘वाको’ (WAKO) इंडिया के रेफरी हरेंद्र मेहता ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आनंदा एकेडमी बनी ओवरऑल चैंपियन
मैदान पर हुई रोमांचक फाइट्स और कई दौर के कड़े संघर्ष के बाद पदक तालिका में सर्वाधिक गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर आनंदा एकेडमी ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। मेजबान दून कॉन्वेंट स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त कर ‘फर्स्ट रनर-अप’ का खिताब जीता, जबकि लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल तीसरे स्थान पर काबिज रहा।
इन खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई उभरते सितारों ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। स्वर्ण पदक विजेताओं में प्रमुख रूप से दून कॉन्वेंट स्कूल से कृतिका जोशी, युवराज अस्वाल, अंश आर्य और मनप्रीत पाल शामिल रहे। वुडलैंड स्कूल की तमन्ना महर और जानवी बिष्ट ने भी स्वर्ण जीता। वहीं आनंदा एकेडमी की ओर से श्रद्धा मेहरा, अश्वनी गोनिया और मयंक सिंह ने गोल्ड जीतकर अपनी टीम को शीर्ष पर पहुँचाया।
वॉरियर मार्शल आर्ट्स वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सौरभ गौड़, उपाध्यक्ष अजय सिंह, महासचिव सौरभ सनवाल, दीपक गौड़ तथा श्री हरीश कांडपाल के प्रबंधन ने इस आयोजन को सफल बनाया। विद्यालय परिवार से श्रीमती गीता अधिकारी, छाया भंडारी, ममता बनोला, संगीता रावत, संजू सती, शीतल जोशी, मनोज जोशी और ए.के. भाटिया का सराहनीय सहयोग रहा। साथ ही आनंदा एकेडमी के खेल शिक्षक उदित बिष्ट और रीना गुरुरानी ने भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथियों ने विजयी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और विजेता टीमों को चमचमाती चैंपियनशिप ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया। यह पूरी प्रतियोगिता न केवल खेल कौशल बल्कि अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का एक जीवंत उदाहरण बनकर उभरी।


