HomeAccidentकालाढूंगी: तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को रौंदा; दोनों की मौत

कालाढूंगी: तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को रौंदा; दोनों की मौत

हवा में उछलकर झाड़ियों में गिरीं महिलाएं

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल/कालाढूंगी: जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। रामनगर रोड पर बैलपड़ाव के समीप एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

हादसा बैलपड़ाव क्षेत्र के गैबुआ स्थित ‘फूड क्रिस्टल होटल’ के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, हल्द्वानी की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (UK 19B 8791) काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खोया और कार सड़क किनारे पैदल चल रही महिलाओं को रौंदते हुए निकल गई।

प्रत्यक्षदर्शी और स्थानीय निवासी दयाल सिंह पन्नू ने बताया कि कार रॉन्ग साइड से आ रही थी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों महिलाएं हवा में कई फीट ऊपर उछल गईं और सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा गिरीं। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही 112 की टीम और बैलपड़ाव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों लहूलुहान महिलाओं को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामनगर ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घास लेने निकली थीं गांव की दो सहेलियां

मृतकों की पहचान 54 वर्षीय कमला देवी (पत्नी शिवराज सिंह अधिकारी) और 55 वर्षीय पुष्पा देवी (पत्नी केवलानंद भट्ट) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं बैलपड़ाव के पट्टापानी क्षेत्र की निवासी थीं और रोजाना की तरह सुबह घास लेने के लिए घर से निकली थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि आज का दिन उनके जीवन का अंतिम दिन साबित होगा।

परिजनों में मचा कोहराम

इस हृदय विदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार, कमला देवी अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। वहीं, पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है और तीन अभी अविवाहित हैं। मां की अचानक मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कालाढूंगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन (स्विफ्ट कार) को पुलिस ने तत्काल प्रभाव से अपने कब्जे में ले लिया है। वाहन को बैलपड़ाव चौकी परिसर में खड़ा किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस प्रशासन ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या चालक नशे में था या ओवरस्पीडिंग की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments