► ब्रह्मकुमारी ईश्वरी विश्वविद्यालय में लगाया क्षय रोग जांच एवं जागरूकता शिविर


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अरविंद पांगती के निर्देशों के क्रम में आज यहां ब्रह्मकुमार ईश्वरीय विश्वविद्यालय में क्षय रोग (टीबी) जांच एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। 25 लोगों के स्वास्थ्य की टीबी की दृष्टि से जांच कराई गई।
शिविर का उद्देश्य आम लोगों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करना और टीबी रोगियों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि समाज को टीबी मुक्त किया जा सके। शिविर में कुल 25 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और जिनमें टीबी के संदिग्ध लक्षण पाए गए, उनकी बलगम जांच की गयी। इस मौके पर जिला क्षय रोग अधिकारी डा. प्रांशु डेनियल ने टीबी के लक्षण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी संक्रामक रोग है, लेकिन इसका उपचार पूर्णत सम्भव हैं, बशर्ते मरीज समय पर जांच कराए और नियमित रूप से दवा का सेवन करे। उन्होंने बताया कि सरकार ने टीबी मरीजों को निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई है, साथ ही पोषण सहायता भी दी जाती है।
उन्होंने बताया कि लगातार खांसी (2 सप्ताह से अधिक), बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना टीबी के लक्षण हो सकते हैं। लक्षणों के दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की गई। अंत में सभी लोगों से अपील की गई कि वे टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें, बल्कि समय पर जांच एवं उपचार कराकर टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।


