अल्मोड़ा से नैनीताल जा रहे थे दंपत्ति
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी (नैनीताल) : अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुयालबाड़ी के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा होते-होते टल गया। अल्मोड़ा से नैनीताल की ओर जा रहे एक स्कूटी सवार परिवार को सड़क पार कर रहे व्यक्ति को बचाने की कोशिश भारी पड़ गई। इस प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा गिरी, जिससे स्कूटी सवार दंपत्ति और उनका तीन वर्षीय मासूम बेटा घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैनीताल जनपद निवासी रोशन कुमार (24 वर्ष) पुत्र हरीश राम अपनी पत्नी शिवानी (21 वर्ष) और तीन वर्षीय पुत्र शिवम के साथ स्कूटी संख्या से अल्मोड़ा से अपने घर नैनीताल की ओर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) के समीप पहुँची, तभी अचानक एक राहगीर सड़क पार करने लगा।
राहगीर को सीधी टक्कर से बचाने के लिए रोशन ने तेजी से ब्रेक लगाए और स्कूटी मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन पर से नियंत्रण खो गया और स्कूटी सड़क किनारे बनी कंक्रीट की नाली में जा गिरी।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर क्वारब चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को नाली से बाहर निकाला और तुरंत वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सुयालबाड़ी पहुँचाया।
अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने बताया कि तीनों घायलों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार और आवश्यक मरहम-पट्टी करने के बाद, उनकी स्थिति खतरे से बाहर देखते हुए उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इधर पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे आबादी वाले क्षेत्रों और स्कूलों के समीप गति सीमा का विशेष ध्यान रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।




