‘द मास्टर्स स्कूल’ का रहा शत-प्रतिशत रिजल्ट
बेटियों ने एक बार फिर बाजी मारी
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी (पनियाली): CBSE RESULT- 10वीं की बोर्ड परीक्षा में पनियाली स्थित ‘द मास्टर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल’ की मेधावी छात्रा खुशी जोशी ने 93.20% अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय टॉप किया, बल्कि अपनी शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खुशियों की इस लहर में विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा, जो शिक्षा के प्रति स्कूल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

घोषित परीक्षा परिणामों में विद्यालय में अध्ययनरत बेटियों ने एक बार फिर बाजी मारी है। विद्यालय की खुशी जोशी ने प्रथम स्थान पाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, वहीं प्रियंका मेहरा ने 91.40% के साथ द्वितीय और नेहा जोशी ने 91% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय के गौरव को बढ़ाया। इसके साथ ही अनन्या बिष्ट (89%) और तरुण (88.40%) ने क्रमशः चतुर्थ और पंचम स्थान हासिल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
मेधावियों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन में उत्साह का माहौल है। विद्यालय के निदेशक प्रमोद सिंह टोलिया, प्रबंधक चंदन सिंह रैकवाल, अकादमिक निदेशक श्रीमती नेहा बिष्ट रैकवाल और प्रधानाचार्य रमेश मेहरा ने खुशी जोशी सहित सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि, “खुशी जोशी और अन्य विद्यार्थियों की यह मेहनत रंग लाई है। यह सफलता शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों के अनुशासन का प्रतिफल है। हमें गर्व है कि हमारे छात्र हर वर्ष सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।”
इस अवसर पर समस्त विद्यालय स्टाफ ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट परिणाम के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।


