👉 जर्जर पेड़ों को चिह्नित कर उनका तत्काल निस्तारण करने की मांग उठाई
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में आज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां प्रभागीय वनाधिकारी से मुलाकात की और नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर हालत से खतरा बन रहे पेड़ों को लेकर गंभीर चिंता जताई। डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर अविलंब जोखिमपूर्ण पेड़ों को चिह्नित कर उनका निस्तारण करने की पुरजोर मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में हवालबाग क्षेत्र के एक छात्रावास की छत पर विशाल पेड़ गिरने की घटना का जिक्र करते हुए इन स्थितियों को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि भले ही इस घटना में सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई, किंतु कई जगह हादसा होने की आशंकाएं बरकरार हैं। राजीव गुरुरानी ने डीएफओ से अनुरोध किया कि सभी फॉरेस्टरों एवं रेंजरों को तत्काल निर्देशित किया जाए कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खतरा पैदा करने वाले पेड़ों को चिह्नित किया जाए और उनका जनहित में निस्तारण किया जाए, ताकि इनसे संभावित घटना/दुर्घटनाओं को टाला जा सके। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। साथ ही हवालबाग छात्रावास पर पेड़ गिरने की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। यह भी कहा कि यदि जांच में विभाग की लापरवाही सामने आती है, तो इसे मानव जनित आपदा मानते हुए संबंधित दोषी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में मोनू शाह, देवाशीष नेगी, ललित मेहता, दर्शन रावत, अभिषेक जोशी व चंदन बहुगुणा आदि शािमल रहे।

